
बेमेतरा/नवागढ़: दिवाली की रात जहां लोग घरों में पूजा और उल्लास मना रहे थे, वहीं कुछ लोग जुए की महफिल सजा बैठे थे। जानकारी के मुताबिक मुंगेली-नवागढ़ रोड पर विनोद साहू के ईंट भट्टा के पास टेंट लगाकर जुआ खेला जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस ने 22 फड़ों पर दी दबिश
एसडीओपी कौशल्या साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर 22 अलग-अलग फड़ों में जुआ खेलते 236 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से कुल 1 लाख 94 हजार 988 रुपए नकद, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और बाइकें जब्त की गईं।
दो लाख के करीब नगद बरामद
पुलिस के अनुसार, फड़ से 51 हजार रुपए और जुआरियों के पास से 1 लाख 43 हजार 548 रुपए बरामद किए गए। सभी जुआरियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दिवाली पर जुआ खेलने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर
पुलिस ने बताया कि त्योहारों के दौरान जुआ खेलने की शिकायतें बढ़ जाती हैं, इसलिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ऐसे आयोजनों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read: दुर्ग में जुआरियों पर कार्रवाई करने गई पुलिस, लौटते ही आरक्षक की बाइक में लगी आग; लाखों का नुकसान



