रात में बैंगन का भरता-रोटी खाकर सोया परिवार, सुबह 3 सगी बहनों की गई जान, अस्पताल में डॉक्टर भी रह गए सन्न

Raipur Family Tragedy: छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी और वर्तमान में मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित बेटमा में रह रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रात में खाना खाने के बाद एक ही परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो बच्चियों की जान इंदौर में इलाज के दौरान चली गई, जबकि तीसरी बच्ची ने दोनों बहनों के शवों के साथ रायपुर लौटते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इंदौर में इलाज के दौरान दो मासूमों ने तोड़ा दम

Indore Betma News: मिली जानकारी के अनुसार बेटमा में परिवार के खाना खाने के कुछ देर बाद ही 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। दोनों बच्चियों को लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में आ गया।

दो बेटियों का शव लेकर रायपुर लौट रहा था परिवार

दो बेटियों की अचानक हुई मौत के बाद गमगीन परिजन उनके शवों को एम्बुलेंस से अपने गृहग्राम रायपुर लेकर रवाना हुए। परिवार को लगा कि तीसरी बेटी सुरक्षित है, लेकिन रास्ते में इटारसी के पास 10 वर्षीय आशी की तबीयत भी अचानक खराब होने लगी। उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी और शरीर ठंडा पड़ने लगा, जिससे एम्बुलेंस में मौजूद परिजन घबरा गए।

इटारसी के अस्पताल में तीसरी बेटी की भी थमीं सांसें

आशी की स्थिति बिगड़ते देख परिजन उसे तुरंत इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने के लिए आपातकालीन इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के महज एक घंटे के भीतर आशी ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही झटके में परिवार की तीनों बेटियों की जीवनलीला समाप्त हो गई।

शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका, शून्य पर मर्ग कायम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। चूंकि घटनाक्रम की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई थी, इसलिए इटारसी पुलिस ने ‘शून्य पर मर्ग’ कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी प्राथमिक दस्तावेज तैयार कर केस डायरी बेटमा थाने भेजी जा रही है ताकि वहां आगे की जांच हो सके।

पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट से सामने आएगा मौत का असली कारण

पुलिस ने तीनों मृत बच्चियों आशी, विशुका और विधि के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला विषाक्त भोजन या फूड पॉइजनिंग से जुड़ा प्रतीत होता है। मौत के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लैब से बिसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल स्थानीय प्रशासन परिजनों को हर संभव सहायता मुहैया कराने का प्रयास कर रहा है।

Also Read: Raipur Food Department Raid: रायपुर रेलवे स्टेशन रोड पर खाद्य विभाग की बड़ी रेड, कई सेंटरों को किया सील, इन भोजनालयों में खाना खाने से पहले हो जाएं सावधान

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button