
विद्युत वितरण कंपनी ने अब बकाया वसूली के लिए स्मार्ट तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। अभी तक बिल का भुगतान न करने वालों के घर जाकर खंभे से कनेक्शन काटे जाते थे, लेकिन अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद कंपनी सीधे बिजली ऑफिस से GPS सिस्टम का उपयोग कर बकायादारों के विद्युत कनेक्शन विच्छेद कर सकेगी। बिलासपुर में बकाया राशि में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए, कंपनी ने वसूली के लिए ताकत झोंकना शुरू कर दिया है।
ओएंडएम सर्किल ने तैयार की 4,000 कमर्शियल बकायादारों की सूची
विद्युत वितरण कंपनी के ओएंडएम सर्किल ने बकाया वसूली अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत ओएण्डएम सर्किल के बिलासपुर ओएण्डएम, मुंगेली और पेण्ड्रा डिवीजन में बीस हजार रुपए से अधिक बकाया वाले कमर्शियल उपभोक्ताओं की सूची तैयार की गई है। इनकी संख्या करीब चार हजार है। इन सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। इन बकायादारों के कनेक्शन कभी भी काटे जा सकते हैं।
बिजली काटने से पहले लगातार तीन दिन SMS से मिलेगी चेतावनी
स्मार्ट मीटर लग जाने के कारण अब कंपनी को बकाया वसूली के लिए उपभोक्ताओं के प्रतिष्ठानों तक जाने की आवश्यकता नहीं है। वे सीधे बिजली ऑफिस में बैठकर GPS सिस्टम से कनेक्शन काट सकते हैं। हालांकि, कनेक्शन काटने से पहले इन कमर्शियल बकायादारों को लगातार तीन दिन तक SMS के माध्यम से बिल भुगतान करने को कहा जाएगा। इस चेतावनी के बाद भी बकाया बिल जमा नहीं होने पर उनके प्रतिष्ठानों की बिजली GPS सिस्टम से बंद कर दी जाएगी और पूरा भुगतान होने के बाद ही जोड़ा जाएगा।
1.61 लाख पुराने मीटर बदलकर लगाए जा चुके हैं स्मार्ट मीटर
विद्युत वितरण कंपनी के ओएण्डएम सर्किल के अंतर्गत आने वाले तीनों डिवीजन में अभी तक 1 लाख 61 हजार पुराने इलेक्ट्रॉनिक मीटर को बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और यह काम निरंतर जारी है। इसके अलावा, सिटी सर्किल में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा है, जहाँ करीब 80 हजार मीटर बदले जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर लगने से बकाया वसूली में तेजी आने की उम्मीद है।
पहले 1400 घरेलू कनेक्शन कटे, अब कमर्शियल से वसूली की बारी
कंपनी ने कमर्शियल बकायादारों पर सख्ती शुरू करने से पहले घरेलू उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की थी। इससे पहले ओएण्डएम सर्किल द्वारा 1400 घरेलू बकायादारों के घरों की बिजली नए स्मार्ट मीटर के माध्यम से GPS सिस्टम से बंद की जा चुकी है। इस कार्रवाई से बकायादारों में हड़कंप मच गया था और कंपनी को बकाया राशि की वसूली हुई थी। अब कंपनी की पूरी तैयारी कमर्शियल उपभोक्ताओं से बकाया वसूली की है।



