
रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन की ओर से लगभग 4708 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा तो कर दी गई है, लेकिन परीक्षा होने में अभी एक साल से अधिक का समय लग सकता है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा हाल ही में जारी किए गए परीक्षा शेड्यूल के अनुसार, दिसंबर 2026 तक व्यापमं लगातार विभिन्न परीक्षाएँ आयोजित करेगा। इस लंबे शेड्यूल में शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए केवल अक्टूबर और नवंबर 2026 में ही तीन दिन आरक्षित रखे गए हैं।
4708 पदों पर होनी है भर्ती, हो सकता है और विलंब
जानकारों का मानना है कि व्यापमं ने जो तीन दिन आरक्षित रखे हैं, यदि उस तिथि में कोई और परीक्षा आयोजित नहीं हुई तो ही शिक्षक भर्ती परीक्षा हो सकती है, अन्यथा यह परीक्षा 2027 में होने के आसार हैं। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षक, सहायक शिक्षक और व्याख्याता के 4708 पदों पर भर्ती की जानी है। पहले इन पदों की संख्या 5 हजार थी, लेकिन बाद में लगभग 292 पद कम कर दिए गए।
पहले मिली थी 5 हजार पदों पर स्वीकृति
स्कूल शिक्षा विभाग ने पहले कुल 5000 पदों पर भर्ती की घोषणा की थी और इसकी वित्तीय स्वीकृति भी मिल गई थी। इन पदों में सहायक शिक्षक के 2000, सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1500, पीटीआई/योग शिक्षक के 300 और व्याख्याता के 1000 पद शामिल थे। लेकिन बाद में व्याख्याता कम्प्यूटर और योग शिक्षक के 292 पद घटा दिए गए। अब 4708 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। विभाग ने जानकारी दी है कि होल्ड किए गए 292 पदों की भर्ती बाद में की जाएगी।
हर 29 बच्चों पर एक शिक्षक कार्यरत
स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट के आँकड़ों के अनुसार, राज्य में स्कूलों की संख्या 56,895 है, जहाँ 1,78,731 शिक्षक कार्यरत हैं। वहीं, राज्य के स्कूलों में 51,67,357 छात्र-छात्राएँ अध्ययन कर रहे हैं। इसका अर्थ है कि लगभग 29 बच्चों पर एक शिक्षक कार्यरत है। इस अनुपात के बावजूद, अभी भी कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। जानकारों के अनुसार, हर माह लगभग 15 शिक्षक रिटायर भी होते हैं, जिससे रिक्त पदों की संख्या बढ़ती रहती है।
अक्टूबर 2026 के तीन दिन ही उम्मीद
व्यापमं के लगातार परीक्षा कैलेंडर के कारण लाखों अभ्यर्थी चिंतित हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। यदि कोई अप्रत्याशित बदलाव नहीं होता है, तो व्यापमं द्वारा अक्टूबर और नवंबर 2026 में आरक्षित रखे गए उन तीन दिनों में ही इस महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा का आयोजन हो पाएगा।



