
Raipur News: छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनावों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। चुनाव आयोग ने उन प्रत्याशियों पर कड़ी कार्रवाई की है जिन्होंने समय पर अपने चुनावी खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत नहीं किया। अब ऐसे 5 प्रत्याशियों को अगले पांच वर्षों तक किसी भी चुनाव में भाग लेने से वंचित कर दिया गया है।
खर्च का ब्यौरा नहीं देने पर कार्रवाई
CG State Election Commission: निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक प्रत्याशी को मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने निर्वाचन खर्च का पूरा विवरण आयोग को प्रस्तुत करना अनिवार्य होता है।
Banned from Contesting Elections: लेकिन इस बार कई प्रत्याशी नियमानुसार ब्यौरा देने में असफल रहे। चेतावनी और नोटिस जारी करने के बावजूद जब उन्होंने जानकारी नहीं दी, तो आयोग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें आगामी 5 वर्षों तक चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया।
ये 5 प्रत्याशी हुए प्रतिबंधित
चुनाव आयोग की कार्रवाई जिन प्रत्याशियों पर हुई है, उनके नाम इस प्रकार हैं–
- कमलेश पटेल – महापौर पद के प्रत्याशी, नगर निगम बिलासपुर
- कृपा शंकर – अध्यक्ष पद के प्रत्याशी, नगर पालिका परिषद बलरामपुर
- मंजुलता रोहित परस्ते – अध्यक्ष पद की प्रत्याशी, नगर पंचायत मरवाही
- दिनेश ताम्रकार – प्रत्याशी, नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी
- देवनारायण साहू – अध्यक्ष पद के प्रत्याशी, नगर पंचायत समोदा
पहले दिया गया था नोटिस
आयोग की ओर से बताया गया कि सभी प्रत्याशियों को नियमानुसार पहले नोटिस जारी किया गया था, लेकिन समय-सीमा बीतने के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद आयोग को निर्वाचन नियमों के तहत यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
Also Read: भारत निर्वाचन आयोग का सुपर ऐप ‘ECINET’ जल्द होगा लॉन्च, एक ही प्लेटफॉर्म से निपटेंगे सारे चुनावी काम
पारदर्शिता बनाए रखने का संदेश
चुनाव आयोग के अधिकारियों का कहना है कि चुनावी खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत करना पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। इसका मकसद यह भी है कि चुनावों में काले धन और अवैध संसाधनों का उपयोग न हो।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई से बाकी प्रत्याशियों को भी सख्त संदेश गया है कि निर्वाचन आयोग नियमों को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगा।
Also Read: कोरबा: कलेक्टर आवास के पते पर दर्ज 4 पूर्व कलेक्टरों के नाम, जयसिंह अग्रवाल ने उठाए सवाल



