Money Double Fraud: 100 दिन में पैसा डबल करने का झांसा देकर 5 करोड़ की ठगी, पुलिस ने FIR दर्ज की

रायपुर: Money Double Fraud: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘100 दिन में पैसा डबल’ करने के नाम पर करोड़ों की ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक कंपनी के संचालक ने निवेशकों को लुभावने ऑफर देकर करीब 5 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। पीड़ित अनवर मोहम्मद ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर ऑनलाइन और नगद दोनों तरीकों से यह रकम निवेश की थी। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने टिकरापारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

ठगी की पूरी कहानी

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित अनवर मोहम्मद को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब के जरिए ‘ए स्क्वायर कंसलटेंसी’ नाम की एक कंपनी के बारे में पता चला था। कंपनी ने दावा किया था कि वे शेयर ट्रेडिंग के माध्यम से निवेश की गई रकम को सिर्फ 100 दिनों में दोगुना कर देंगे। इस स्कीम को और पुख्ता बनाने के लिए कंपनी का संचालक अनिरुद्ध दलवी खुद रायपुर आया और निवेशकों से सीधे मुलाकात की।

संचालक की बातों में आकर अनवर और उनके साथियों ने मिलकर कुल 5 करोड़ रुपये का निवेश कर दिया। जब 100 दिनों की समय सीमा पूरी हो गई और उन्हें न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस मिली, तब उन्हें धोखाधड़ी का शक हुआ। इसके बाद पीड़ितों ने बिना देर किए टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और ठगी के आरोपी संचालक अनिरुद्ध दलवी की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी ठगी से बचने के लिए निवेशकों को किसी भी कंपनी में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करनी चाहिए। कंपनी की वैधता और उसके संचालकों के बारे में पूरी जानकारी हासिल करना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी धोखाधड़ी का शिकार होने से बचा जा सके।

Also Read: शादी का झांसा देकर पादरी ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button