MSP For Kharif Crops: किसानों के लिए बड़ी राहत, मोदी कैबिनेट ने 14 खरीफ फसलों के MSP में बढ़ोतरी की मंजूरी दी

MSP For Kharif Crops: किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली खबर आई है केंद्र सरकार से। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) की बैठक में खरीफ विपणन सत्र 2025-26 के लिए 14 फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी गई है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से किसानों को उनकी फसलों का बेहतर दाम मिलेगा और खेती को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में मजबूती मिलेगी।
सबसे ज्यादा MSP बढ़ा रामतिल के लिए, रागी और कपास भी टॉप में
Kharif 2025: सरकार ने इस बार जिन फसलों के MSP में भारी इजाफा किया है, उनमें रामतिल सबसे ऊपर है। इसके MSP में ₹820 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद रागी में ₹596, कपास में ₹589 और तिल में ₹579 प्रति क्विंटल की बढ़त देखने को मिली है।वहीं अगर बात करें किसानों की लागत और मुनाफे की, तो बाजरा में किसानों को उनकी लागत पर सबसे अधिक 63% का मुनाफा मिलेगा। इसके बाद मक्का और तुअर (अरहर) में 59% तथा उड़द में 53% मुनाफा तय किया गया है। बाकी सभी फसलों में भी 50% से ज्यादा लाभ का अनुमान है।
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जताया पीएम मोदी का आभार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा,
“जब से नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं, तभी से किसानों का कल्याण उनकी सोच के केंद्र में रहा है। उत्पादन बढ़ाना और लागत घटाना उनका मुख्य फोकस रहा है। इस दिशा में कई योजनाएं भी लागू की गई हैं।”
उन्होंने आगे कहा,
“फसल बीमा योजना हो, किसान क्रेडिट कार्ड के तहत सस्ता ऋण हो, ड्रिप इरिगेशन जैसी योजनाएं हों, या फिर खाद की भारी सब्सिडी — इन सभी योजनाओं के ठोस नतीजे अब दिखने लगे हैं। MSP में यह बढ़ोतरी किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।”
किसानों के लिए बढ़े हुए MSP का क्या मतलब है?
Minimum Support Price: सरकार का कहना है कि फसलों के बढ़े हुए MSP से किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम मिलेगा और खेती के प्रति विश्वास बढ़ेगा। साथ ही, इससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी और वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकेंगे।
साफ है कि 2025-26 के खरीफ सीजन से पहले सरकार ने बड़ा किसान कार्ड खेला है। चुनावी साल में यह फैसला किसानों को साधने की बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
किसानों के लिए केंद्रीय कैबिनेट का महत्वपूर्ण निर्णय
खरीफ विपणन सत्र 2025-26 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) घोषित
फसल | MSP (2013-14) | MSP (2025-26) |
---|---|---|
धान – सामान्य | ₹1,310 | ₹2,369 |
धान – ग्रेड A | ₹1,345 | ₹2,389 |
ज्वार – हाइब्रिड | ₹1,500 | ₹3,699 |
ज्वार – मालदंडी | ₹1,520 | ₹3,749 |
बाजरा | ₹1,250 | ₹2,775 |
रागी | ₹1,500 | ₹4,886 |
मक्का | ₹1,310 | ₹2,400 |
तुअर दाल | ₹4,300 | ₹8,000 |
मूंग दाल | ₹4,500 | ₹8,768 |
उड़द | ₹4,300 | ₹7,800 |
मूंगफली | ₹4,000 | ₹7,263 |
सूरजमुखी बीज | ₹3,700 | ₹7,721 |
सोयाबीन (पीला) | ₹2,560 | ₹5,328 |
तिल | ₹4,500 | ₹9,846 |
नाइजरसीड | ₹3,500 | ₹9,537 |
कपास (मध्यम रेशा) | ₹3,700 | ₹7,710 |
कपास (लंबा रेशा) | ₹4,000 | ₹8,110 |
Also Read: Naxal Free Jagdalpur: नक्सल मुक्त जिलों की ओर बड़ा कदम: LWE सूची से बाहर हुआ जगदलपुर, जानें क्या है इसके मायने?