
Raipur Thana Suicide Attempt: रायपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस से लेकर आम लोगों तक को झकझोर दिया है। मौदहापारा थाने में एक युवक दाखिल होता है, पुलिसकर्मी पूछते हैं– “क्या काम है?” और जवाब मिलता है– “मरना है।” इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, युवक ने जेब से ब्लेड निकाला और अपने ही गले पर चला दिया।

सब कुछ हुआ थाने के अंदर, CCTV में कैद हुआ पूरा माजरा
ये घटना 29 मई की शाम करीब 8 बजे की है। सूरज नाथ जोगी, 25 साल का युवक जो रायपुर के कुशालपुर का रहने वाला है, अचानक थाने पहुंचा। बातचीत के कुछ ही सेकंड बाद उसने अपनी जेब से ब्लेड निकाला और खुद को घायल कर लिया।
थाने में लगे CCTV कैमरे में ये पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक कैसे बिना किसी उग्र व्यवहार के आया, बातचीत की और फिर अचानक खुद पर हमला कर बैठा।

पुलिस की सतर्कता ने बचाई जान
थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए। सूरज को लहूलुहान हालत में मेकाहारा अस्पताल (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम ने समय रहते इलाज शुरू किया और उसकी जान बच गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पहले भी कर चुका है ऐसा, नशे की लत और मानसिक तनाव
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि सूरज पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुका है। उसके परिजनों का कहना है कि वह नशे का आदी है और मानसिक रूप से अस्थिर रहता है। परिजनों ने उसे कई बार नौकरी दिलवाई, लेकिन वह हर बार कुछ न कुछ बहाना बनाकर छोड़ देता था।
घटना के बाद फिर वही पुराना सवाल खड़ा हो गया है— क्या मानसिक रूप से परेशान लोगों के लिए हमारे पास कोई सपोर्ट सिस्टम है? या फिर जब तक कोई खून बहाता नहीं, तब तक समाज और सिस्टम को फर्क ही नहीं पड़ता?
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवक का मानसिक परीक्षण भी कराया जा रहा है।



