
दुर्ग: CG Coach Heart Attack Death: जिले के रिसाली इलाके में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फुटबॉल कोच की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। यह घटना मैच के दौरान सामने आई है। जैसे ही आखिरी सीटी बजी, खिलाड़ी उछल पड़े… चेहरों पर खुशी, दिलों में गर्व, और मैदान में गूंजते जश्न के स्वर। कोच सुरेश राउत भी अपनी टीम की ऐतिहासिक जीत पर बच्चों की तरह झूम रहे थे। कौन जानता था कि ये उनकी जिंदगी का आखिरी जश्न होगा। चंद मिनटों में वह मुस्कुराता चेहरा शांत हो गया, और एक जुनूनी कोच ने खेल के मैदान पर ही दुनिया को अलविदा कह दिया।
जीत के जश्न में छाया मातम
Football Coach Heart Attack Death in Durg: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। रिसाली इलाके में फुटबॉल मैच के दौरान जीत की खुशी में शामिल हुए एक कोच की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृत कोच की पहचान सुरेश राउत (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो न्यू मशाल क्लब (जूनियर) के कोच थे।

मैच जीतते ही शुरू हुआ जश्न, फिर पल में बदल गया माहौल
Bhilai Football Coach Heart Attack: यह हादसा शुक्रवार को हुआ जब रिसाली के दशहरा मैदान के पास फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था। न्यू मशाल क्लब की टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए मैच जीत लिया। विरोधी टीम ने शुरुआत में तीन गोल किए थे, लेकिन मशाल क्लब ने भी तीन गोल दागे और फिर निर्णायक गोल कर मुकाबला अपने नाम किया।
जीत के बाद मैदान में जश्न का माहौल था। खिलाड़ी खुशी से झूम रहे थे और कोच सुरेश राउत भी उसी उत्साह के साथ अपनी टीम के साथ जश्न मना रहे थे।

अचानक गिरी तबीयत, अस्पताल में हुई पुष्टि
जश्न खत्म होने के बाद जब कोच और खिलाड़ी नाश्ता कर रहे थे, उसी दौरान सुरेश राउत की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे कुर्सी से गिर पड़े और फिर होश में नहीं आए। आनन-फानन में उन्हें रिसाली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत का कारण कार्डिएक अरेस्ट बताया जा रहा है।
परिवार और फुटबॉल जगत में शोक की लहर
सुरेश राउत भिलाई-3 के विश्व बैंक कॉलोनी के निवासी थे और एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। वे पिछले कई वर्षों से न्यू मशाल क्लब के जूनियर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे थे। बताया जा रहा है कि इस समय उनकी पत्नी गांव में हैं और दंपत्ति की कोई संतान नहीं है।
कोच राउत के आकस्मिक निधन से उनके परिवार, खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में गहरा शोक है। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए सुपेला के सरकारी अस्पताल भेजा गया है, जहां शनिवार को अंतिम परीक्षण किया जाएगा।
खेल का मैदान जहां जीत और जश्न का प्रतीक होता है, वहीं कभी-कभी ये खुशी भी गहरा दर्द छोड़ जाती है। कोच सुरेश राउत की अचानक हुई मौत ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे खेल समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहना कितना जरूरी है, चाहे वह खेल का कोई भी स्तर क्यों न हो।
Also Read: धमतरी में करंट का कोहराम: नीम की टहनी काटते वक्त हाईटेंशन तार से चिपका बुजुर्ग, मौके पर दर्दनाक मौत



