
भिलाई: CG Cyber Blackmailing: दुर्ग जिले के भिलाई शहर से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी (30) ने कथित तौर पर सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में बंटा मिला। यह दुर्ग जिले का इस साल का दूसरा मामला है, जहां साइबर ठगी के जाल में फंसकर एक युवक ने जान दे दी है।
वीडियो कॉल के जरिए फंसाया, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेल का खेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ अज्ञात लोगों ने सन्नी को अश्लील वीडियो कॉलिंग के जरिए फंसाया और फिर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग का डर दिखाकर 20 हजार रुपये की डिमांड शुरू कर दी।
हरविंदर ने डर के मारे फोनपे से 2 हजार रुपये ट्रांसफर भी कर दिए, लेकिन ब्लैकमेलिंग का सिलसिला नहीं रुका। दबाव और डर के चलते सन्नी ने आत्महत्या का फैसला कर लिया।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव, मोबाइल जब्त कर रही है जांच
घटना के बाद युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और उसका मोबाइल जब्त कर लिया है।
वैशाली नगर थाना पुलिस का कहना है कि युवक के मोबाइल की तकनीकी जांच की जा रही है। कॉल रिकॉर्ड्स और पैसों के ट्रांजैक्शन से ब्लैकमेल करने वाले आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस भी मान रही, साइबर ठगी गंभीर खतरा बन चुकी है
थाना प्रभारी ने बताया कि यह पूरा मामला साइबर सेक्सटॉर्शन से जुड़ा है। युवक को मानसिक रूप से इतना परेशान किया गया कि उसने जान देने जैसा कदम उठा लिया। अब साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान और उनकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

सबक की बात: वीडियो कॉल के जाल से बचिए, किसी पर भरोसा मत करिए
यह घटना सिर्फ एक मौत नहीं है, बल्कि एक डिजिटल अपराध का खतरनाक चेहरा है। सेक्सटॉर्शन के ये मामले हर हफ्ते सामने आ रहे हैं, और सबसे बड़ी दिक्कत है कि ज्यादातर लोग शर्म और डर के कारण आवाज़ तक नहीं उठाते।
अगर आपके पास किसी अंजान नंबर से अश्लील कॉल आए, तो ना वीडियो ऑन करें, ना ही कोई लिंक खोलें। ब्लैकमेल हो रहे हैं, तो पुलिस और साइबर सेल में रिपोर्ट करें। खुद को बचाइए, दूसरों को जागरूक बनाइए। क्योंकि जान है तो जहान है।



