धमतरी में अवैध रेत खदान में चाकूबाजी, मुख्य आरोपी थाना से फरार, घायल युवक का चल रहा इलाज

Dhamtari Sand Mining: छत्तीसगढ़ में 15 जून से बारिश के कारण नदी से रेत उत्खनन पर रोक लगा दी गई है, लेकिन धमतरी जिले के लीलर और भरारी में अवैध उत्खनन जोरों पर था। सूचना मिलने पर सोमवार देर शाम एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम ने इन इलाकों में छापा मारा। मौके से जेसीबी, चैन माउंटेन मशीन और तीन हाइवा को जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान टीम जब जब्त वाहनों को धमतरी ला रही थी, उसी वक्त लीलर खदान के पास एक बड़ी वारदात हो गई। जवरगांव के रहने वाले 23 वर्षीय ललित ध्रुव पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल ललित को पहले नंदा अस्पताल फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया।

आरोपी थाने से भागा, पुलिस के हाथ खाली

चाकूबाजी की वारदात के बाद आरोपी अंकुर अग्रवाल, बिट्टू, कुलदीप और मजहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बैठा लिया, लेकिन रात के अंधेरे में मुख्य आरोपी अंकुर अग्रवाल थाना से फरार हो गया।

इस मामले को लेकर अर्जुनी थाना में अफरा-तफरी मच गई। मंगलवार सुबह जब पूछताछ शुरू होनी थी, तब तक अंकुर हवा हो चुका था। जानकारी है कि कुछ रसूखदार लोगों ने मामले को दबाने के लिए थाने में फोन भी घुमाए। वहीं, रेत कारोबार से जुड़े कुछ लोग भी थाने में डटे रहे।

एडिशनल एसपी पहुंचे, जिम्मेदारों की लगाई क्लास

अर्जुनी थाने में जब एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा पहुंचे तो उन्होंने आरोपी के फरार होने को गंभीरता से लिया। थाना प्रभारी और ड्यूटी ऑफिसर से जवाब-तलब किया गया है। पुलिस की लापरवाही को देखते हुए इन पर भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।

एएसपी ने बताया कि अंकुर अग्रवाल मुख्य आरोपी है और फिलहाल फरार है। अन्य आरोपी – बिट्टू ग्वालानी, कुलदीप पटवा, मजहर खान – के खिलाफ आगे की कार्रवाई जारी है।

भरारी में भंडारण की अनुमति, लेकिन किया ज्यादा स्टॉक

एसडीएम पीयूष तिवारी ने बताया कि लीलर में अवैध परिवहन करते तीन हाइवा और जेसीबी जब्त किए गए हैं। वहीं भरारी में भी छापा मारा गया, जहां परमिशन के बावजूद तय मात्रा से अधिक रेत का भंडारण किया गया था। लिहाजा यहां भी कार्रवाई की गई। लीलर में बिना अनुमति के अवैध रेत का भंडारण और परिवहन किया जा रहा था, जिसे रोकने के लिए मशीनों को जब्त किया गया।

कलेक्टर ने टास्क फोर्स को दिया सख्त निर्देश

जिला कलेक्टर अभिनाश मिश्रा ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक ली और खनिज, राजस्व, पुलिस, वन, परिवहन और पर्यावरण विभाग को संयुक्त रूप से लगातार निगरानी और कार्रवाई करने का आदेश दिया।

कलेक्टर ने धमतरी, मगरलोड, कुरूद और भखारा तहसीलों के चिन्हांकित गांवों – जैसे कोलियारी, अछोटा, अमेठी, करेली बड़ी, नारी, सिलघट आदि – में विशेष निगरानी रखने और अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

थानों में सुरक्षित रखा जाएगा जब्त सामान

कलेक्टर ने यह भी कहा कि जब्त किए गए वाहनों और मशीनों को नजदीकी पुलिस थानों में सुरक्षा की दृष्टि से रखा जाए। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे माइनिंग और जांच टीमों को सहयोग करें।

फिलहाल पुलिस की टीम मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है, वहीं घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि रेत माफिया और उस पर लगाम लगाने प्रशासन की यह जंग क्या रंग लाती है।

Also Read: CG Sand Mafia: अवैध रेत खनन-गोलीकांड मामले पर बड़ी कार्रवाई : खनिज अधिकारी प्रवीण चंद्राकर निलंबित, जानिए अब तक क्या-क्या हुई कार्रवाई

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button