
CG School Viral Reel: शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले स्कूल परिसर में रोमांटिक और अश्लील गानों पर छात्रों द्वारा बनाए गए वीडियो ने शिक्षाजगत को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद स्कूल की गरिमा, अनुशासन और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परसदा (सोंठ) की है।
वीडियो वायरल, प्रशासन में मचा हड़कंप
Abhanpur School News: छात्रों ने ‘शुरू हो जातिस मया के कहानी’ और ‘जीना हे त पीना हे’ जैसे आपत्तिजनक गानों पर स्कूल परिसर में वीडियो शूट किया। यह वीडियो रविवार को स्कूल में चल रहे प्लंबिंग कार्य के दौरान बनाया गया था। वीडियो के सामने आते ही स्कूल प्रबंधन और शाला विकास समिति ने तत्काल बैठक कर छात्रों को बुलाया, फटकार लगाई और इंस्टाग्राम से वीडियो हटवाया। युवाओं से माफीनामा लिखवाया गया और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी गई।
जांच के आदेश, कार्रवाई तय: DEO का बयान
Abhanpur News: जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय खंडेलवाल ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्कूल परिसर में इस तरह की गतिविधियां पूरी तरह से अनुचित और अस्वीकार्य हैं। उन्होंने कहा, “इस मामले की जांच करवाई जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।” यह बयान स्पष्ट करता है कि शिक्षा विभाग इस मुद्दे को गंभीरता से ले रहा है।
बार-बार दोहराई जा रही लापरवाही, उठे सवाल
यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी योग दिवस पर स्कूल में बच्चों को ‘जीना हे त पीना हे’ गाने पर योग करवाते हुए वीडियो वायरल हुआ था। अब बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्कूल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है:
इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या स्कूल अब शिक्षा के मंदिर बने रह पाएंगे या रील्स और वायरल वीडियो का अड्डा बनते जा रहे हैं? ज़रूरत है सख्त नियमों और प्रशासनिक सतर्कता की, ताकि छात्र अनुशासन की राह पर रहें और शिक्षा का उद्देश्य पूरा हो सके।



