
धमतरी जिले के सिहावा-नगरी मार्ग पर स्थित एक ढाबे के पास शनिवार शाम एक तेंदुए द्वारा कुत्ते को शिकार बनाने की घटना सामने आई है। यह पूरा वाकया ढाबे में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Dhamtari Leopard Attack: घटना के वक्त ढाबे में लोग मौजूद थे और सड़क पर भी आवाजाही जारी थी। तेंदुआ अचानक झाड़ियों से निकलकर आया और एक कुत्ते पर झपट पड़ा। बाकी कुत्तों के भौंकने पर तेंदुआ कुत्ते को लेकर जंगल की ओर भाग गया।
वन विभाग ने जारी किया सतर्कता अलर्ट
Forest Department: सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान तेंदुए के पंजों के निशान भी जंगल के किनारे पाए गए। डिप्टी रेंजर राकेश तिवारी ने बताया कि यह ढाबा जंगल से सटा हुआ है, और इस क्षेत्र में पहले भी तेंदुए की गतिविधियां देखी गई हैं। कुत्ता संभवतः जंगल के किनारे चला गया था, जहां तेंदुए ने उसे शिकार बना लिया।
देखें CCTV में कैद तेंदुए का हमला-
हाथी भी है आसपास, दोहरा खतरा
CCTV Footage: वन विभाग ने बताया कि जिस स्थान पर तेंदुआ दिखा, वहां से महज 800 मीटर की दूरी पर एक हाथी भी मौजूद है। ऐसे में विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों से जंगल की ओर न जाने की अपील की है। तेंदुए और हाथी दोनों की निगरानी लगातार जारी है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
धमतरी में यह पहला मौका नहीं है जब जंगली जानवरों की मौजूदगी ने दहशत फैलाई हो। इससे पहले भी हाथियों के झुंड ग्रामीण इलाकों तक पहुंच चुके हैं। अब तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।



