
छुरा: छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान वेटलिफ्टर और ‘गोल्डन गर्ल’ के नाम से मशहूर संध्या साहू ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। उसका शव छुरा नगर के आवासपारा स्थित घर के किचन में साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संध्या ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में अब तक चार गोल्ड समेत छह पदक जीते थे।
मां के नहाने के दौरान उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय संध्या की मां घर में ही नहा रही थीं। जब वे बाहर निकलीं तो संध्या को किचन में फंदे से लटका पाया। उन्होंने शोर मचाया, पड़ोसी पहुंचे और संध्या को नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी, कारण अब तक साफ नहीं
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की और कुछ सबूत जब्त किए हैं। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
पढ़ाई और खेल दोनों में अव्वल थी संध्या
संध्या वर्तमान में कचना धुरवा कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। वह भुवनेश्वर, रायपुर, बालोद, गरियाबंद, कोलकाता और बीकानेर जैसे शहरों में वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी थी। उसकी सफलता के कारण लोग उसे ‘छुरा की गोल्डन गर्ल’ कहकर पुकारते थे।
Also Read: “Free Fire” बना मौत का जाल: स्क्रीन पर जंग लड़ते-लड़ते ज़िंदगी की जंग हार गया आदित्य



