
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. बीते 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली. अब मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक प्रदेश के मध्य और दक्षिण हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. वहीं सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है.
रायपुर का मौसम रहेगा नम, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
Today Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है.
प्रदेश के इन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़ के जिन जिलों में आज और आने वाले दिनों में बारिश हो सकती है, उनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं. इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया गया है.
तापमान का हाल : कहां कितनी गर्मी
Weather News: राज्य में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान दुर्ग में 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इससे यह साफ है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है, जबकि कुछ जगहों पर उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है.
क्यों हो रहा है मौसम में बदलाव?
Weather Update: मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदले हुए मौसम का कारण है मानसून द्रोणिका और ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण. मानसून ट्रफ लाइन अभी श्रीगंगानगर से होते हुए लखनऊ, पटना और फिर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो प्रदेश में नमी ला रहा है और बारिश की संभावना को मजबूत कर रहा है.

IMD Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से एक्टिव हो चुका है और अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं. किसानों के लिए यह अच्छी खबर है, लेकिन शहरों में जलभराव और ट्रैफिक जैसी दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं. अलर्ट जारी है, सावधानी जरूरी है.



