
रायपुर CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बीते गुरुवार को हुई झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में प्रदेश में बारिश की रफ्तार और तेज हो सकती है। खासतौर पर उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, कई इलाकों में अगले तीन घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
चार दिन बाद और तेज होगी बारिश
Weather News: मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में मानसून की द्रोणिका रेखा फिरोजपुर, चंडीगढ़ से होते हुए पूर्व-दक्षिण की ओर हिमालय की तराई के पास से गुजर रही है, जो अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है। साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण बांग्लादेश के मध्य भाग में लगभग 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय है।

Weather Today News: इन मौसमीय सिस्टमों के असर से आगामी 8 अगस्त को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटों की संभावना जताई गई है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है।
कहां-कहां हुई बारिश?
Rain Forecast: पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के लगभग सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी करीब 5 सेमी बारिश हुई। अन्य जिलों में बारिश का हाल कुछ इस तरह रहा:
- कुसमी, रायपुर: 5 सेमी
- पाटन: 4 सेमी
- लाभांडीह, सामरी, राजिम: 3 सेमी
- गोबरा नवापारा, नारायणपुर, बालोद, दरभा, अभनपुर, रायपुर शहर, सकरी, तोकापाल, कुआकोंडा, गुंडरदेही, हरदीबाजार, करपावंड, सन्ना: 2 सेमी
- देवभोग, मैनपुर, भखारा, अंबागढ़ चौकी, चारामा, चलगली, माकड़ी, मर्दापाल, जशपुरनगर, सहसपुर लोहारा, अमलीपदर, कोंडागांव, जैजैपुर, कटेकल्याण, नया बाराद्वार: 1 सेमी
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
Weather Update Today: राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने की संभावना है। हल्की बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। उमस जरूर बनी रहेगी लेकिन हल्की बारिश से राहत भी मिल सकती है।
इन जिलों के लिए यलो अलर्ट
Meteorological Department: मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए प्रदेश के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज गर्जना, बिजली गिरने, अचानक तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा) और बारिश की संभावना जताई गई है:
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर।
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
IMD Update: मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सलाह दी है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी पर नज़र रखें। बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में खुले मैदानों में जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
Also Read: CG Mantrimandal Vistar: 15 अगस्त से पहले साय मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन नाम लगभग तय



