
CG Weather Update Today: राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में उमस और गर्मी से परेशान लोगों को मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बन रहा है, जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 5 दिनों तक छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Raipur Weather Today: मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
Rainfall in North Chhattisgarh: मौसम विभाग ने बलरामपुर, रामानुजगंज, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़ और जशपुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कुछ इलाकों में आंधी चलने और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
सोनहत में सबसे ज्यादा बारिश, कई जगह दर्ज हुई मध्यम वर्षा
Monsoon in Chhattisgarh: पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। कोरिया जिले के सोनहत में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई, जहां भारी बारिश हुई। इसके अलावा लोरमी में 5 मिमी, पेंड्रा में 4 मिमी, बैकुंठपुर और पिपरिया में 3-3 मिमी, वहीं कई अन्य जगहों जैसे राजनांदगांव, कवर्धा, छुरिया, गंडई और अंतागढ़ में 1 से 2 मिमी बारिश हुई।

कैसा है मानसून का सिस्टम?
Heavy Rain Warning CG: मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की द्रोणिका इस समय भटिंडा, दिल्ली, हरदोई, बाराबंकी, झारखंड होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण बिहार के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिससे प्रदेश में बारिश की स्थितियां बन रही हैं।
लोगों को मिल सकती है उमस से राहत
Weather News: राज्य में पिछले एक सप्ताह से बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस का असर बढ़ गया था। अब बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम से प्रदेश के मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।



