
CG Anganwadi Bharti Scam: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका भर्ती में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। तरेगांव और कुकदुर परियोजना क्षेत्र में चल रही भर्ती प्रक्रिया पर अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि चयन के लिए लाखों रुपये की मांग की जा रही है।

आदिवासी युवती ने लगाए रिश्वत के आरोप
Kawardha News: तरेगांव परियोजना के अंतर्गत बंजरिहा गाँव की गीता मेरावी ने दावा किया है कि परियोजना अधिकारी ने कार्यकर्ता पद पर चयन के लिए 1 लाख रुपये की मांग की थी। गीता ने किसी तरह 50 हजार रुपये दिए और बाकी राशि नियुक्ति के बाद देने का आश्वासन दिया। चयन भी हो गया और आदेश जारी हो गया, लेकिन जब वह बाकी रकम नहीं दे सकी तो उसकी नियुक्ति रद्द कर दी गई और पद किसी अन्य अभ्यर्थी को दे दिया गया। पीड़िता ने अब दोषी अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

वायरल ऑडियो ने बढ़ाई हलचल
Kawardha News: इस पूरे प्रकरण से जुड़ा एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कथित रूप से परियोजना अधिकारी और उसका सहयोगी अभ्यर्थियों से पैसे मांगते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामला सामने आते ही कलेक्टर ने जांच टीम गठित कर दी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

कुकदुर परियोजना में भी रिश्वत के आरोप
सिर्फ तरेगांव ही नहीं, बल्कि कुकदुर परियोजना क्षेत्र में भी कार्यकर्ता और सहायिका भर्ती में 1 से 1.5 लाख रुपये तक की रिश्वत मांगे जाने की शिकायतें आई हैं।
आरोप है कि एक महिला जनपद सदस्य का पति, जो शिक्षक है, वह अलग-अलग गांवों में जाकर अभ्यर्थियों से रकम वसूल रहा है और पैसा नहीं देने पर चयन रद्द करने की धमकी दे रहा है।
जनपद पंचायत की बैठक में हंगामा
मामला तूल पकड़ने पर जनपद पंचायत पंडरिया की सामान्य सभा में इस भर्ती घोटाले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बैठक में उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए प्रस्ताव भी पारित किए गए।
अब निगाहें प्रशासन पर हैं कि गरीब और आदिवासी वर्ग से जुड़े इस गंभीर मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई होती है और क्या भ्रष्टाचार की जड़ें पकड़ी जा सकेंगी।



