
बस्तर Mahtari Vandana Yojana: भाजपा सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में बड़ी अनियमितता सामने आई है। बस्तर जिले में 3,399 महिलाओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इनमें से 1,923 महिलाएं मृत पाई गईं, जबकि शेष महिलाओं के दस्तावेजों में गड़बड़ी या सरकारी सेवा में रहते हुए भी लाभ लेने की शिकायतें मिलीं।
मृत हितग्राहियों को जारी हो गई किस्तें
Mahtari Vandana Yojana Update: महिला एवं बाल विकास अधिकारी मनोज सिन्हा ने बताया कि कई मामलों में मृत्यु की जानकारी देर से मिलने की वजह से किस्त जारी हो गई थी। अब उन परिवारों से राशि की रिकवरी की जा रही है।
योजना की शुरुआत और लाभार्थियों की संख्या
Bastar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस योजना की शुरुआत पिछले साल काशी से की थी। शुरुआत में ही बस्तर जिले की करीब 1.94 लाख महिलाओं को पहली किस्त दी गई थी। इस माह तक योजना की 19वीं किस्त जारी की जा चुकी है।
फिर भी अब भी सैकड़ों महिलाएं पंजीयन से छूट गई हैं या आधार कार्ड निष्क्रिय होने, पात्रता देर से मिलने जैसी वजहों से योजना से वंचित हैं।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पंजीयन जारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने घोषणा की थी कि पंजीयन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा।
फिलहाल बस्तर जिले में नए पंजीयन नहीं हो रहे, लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सल पीड़ित महिलाओं का पंजीयन किया जा रहा है।
गलत लाभ लेने वालों पर कार्रवाई
विभाग ने संदेहास्पद हितग्राहियों को जांच सूची में डाल दिया है। जिन लोगों ने गलत तरीके से लाभ लिया है, उनसे राशि वसूली की जा रही है।



