धमतरी में सड़क हादसों का कहर, 262 दिन में 127 लोगों की मौत

धमतरी: Dhamtari Road Accident: जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ओवर स्पीड, लापरवाही और नशे में वाहन चलाना इन हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। बीती रात भखारा थाना क्षेत्र में दो युवकों की मौत और एक अन्य हादसे में पिता की जान चली गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है।

भखारा में दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौत

Dhamtari News: भखारा थाना क्षेत्र के गुजरा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दरगहन निवासी बलराज पटेल (19) और पोखन यादव (30) की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी वाहन चालक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।

पिता की मौत, बेटी घायल

मेचका थाना क्षेत्र के मांदागिरी गांव निवासी सुरेंद्र ध्रुव अपनी छोटी बेटी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सांकरा और अरसीकन्हार के बीच तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सुरेंद्र ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज नगरी अस्पताल में जारी है।

262 दिन में 127 मौतें

सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े चौंकाने वाले हैं।

  • 1 जनवरी से जुलाई 2025 तक: 186 सड़क दुर्घटनाएं, 111 मौतें, 236 घायल
  • अगस्त 2025: 44 दुर्घटनाएं, 10 मौतें, 31 घायल
  • 1 जनवरी से 17 सितंबर तक: कुल 280 सड़क हादसे, 120 मौतें, 203 घायल

यानी 262 दिनों में अब तक 127 लोगों की जान जा चुकी है।

हिट एंड रन मामलों में बढ़ोतरी

धमतरी में हिट एंड रन की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। भखारा-रायपुर रोड पर ऐसे कई हादसे हो चुके हैं। हाल ही में एक तेज रफ्तार कार ने ट्रक ड्राइवर को टक्कर मार दी। ड्राइवर 10 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरा और उसकी मौत हो गई। पुलिस अब तक एक भी आरोपी चालक को पकड़ नहीं सकी है।

हेलमेट न पहनने से बढ़ रही जानें

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ज्यादातर मौतें सिर पर गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से हुईं। अगर बाइक सवार हेलमेट पहनते तो कई लोगों की जान बच सकती थी। पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन इसका असर कम ही दिख रहा है।

ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई और जुर्माना

यातायात पुलिस ने 1 जनवरी से 31 अगस्त 2025 तक बड़ी कार्रवाई की है।

  • 11,465 प्रकरणों में 65.33 लाख रुपये समन शुल्क वसूला गया।
  • 3,346 मामलों को अदालत में पेश किया गया, जहां से 34.31 लाख रुपये का जुर्माना लगा।
  • 14,811 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों की राय

डीएसपी ट्रैफिक मोनिका मरावी ने कहा कि जिले में ज्यादातर हादसे लापरवाही और नशे की वजह से हो रहे हैं। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

हाल के केस

  • केस 1: 8 सितंबर को दुगली के पास तेज रफ्तार बाइक ने कोलियारी निवासी 65 वर्षीय जगदीशराम ध्रुव को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
  • केस 2: भखारा और मेचका क्षेत्र के हादसों में तीन लोगों की जान गई, एक बच्ची घायल हुई।

Also Read: धमतरी जिले में सड़क हादसा: रिवर्स ले रही पिकअप ने चर्रा निवासी बुजुर्ग को रौंदा, मौके पर मौत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button