
रायपुर CG NHM Salary Hike: छत्तीसगढ़ में 33 दिन चली नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। राज्य सरकार ने उनकी 10 सूत्रीय मांगों में से सबसे अहम वेतन वृद्धि पर सहमति जताते हुए 5% सैलरी हाइक को मंजूरी दी है। इसके बाद 16 हजार से ज्यादा कर्मचारियों का वेतन 1500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक बढ़ जाएगा।
सरकार पर 35 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ
वेतन बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर 35 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। हालांकि, स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने और कर्मचारियों की नाराजगी दूर करने के लिए इसे जरूरी कदम माना गया है। सबसे ज्यादा फायदा निचले स्तर के स्टाफ को मिलेगा जिनमें नर्सिंग स्टाफ, डेटा एंट्री ऑपरेटर और तकनीकी सहायक शामिल हैं।

ग्रेड पे प्रणाली लागू करने की तैयारी
फिलहाल एनएचएम में ग्रेड पे सिस्टम लागू नहीं है, जिससे वेतन संरचना में असमानता बनी हुई थी। डॉक्टरों और अन्य मेडिकल स्टाफ को अपेक्षाकृत कम वेतन मिल रहा था, जबकि कुछ उच्च पदों पर सैलरी एक लाख रुपये से अधिक है। अब सरकार ग्रेड पे सिस्टम लागू करने जा रही है, ताकि पद और योग्यता के हिसाब से समान वेतन तय किया जा सके।
स्थानांतरण नीति पर समिति गठित
कर्मचारियों की एक बड़ी मांग ट्रांसफर पॉलिसी को लेकर थी। इस पर सरकार ने कदम उठाते हुए एक समिति बनाई है। अगले दो से तीन महीनों में नीति तैयार की जाएगी। इसके लागू होने से स्वास्थ्यकर्मी बीमारी, पारिवारिक संकट या अन्य परिस्थितियों के अनुसार स्थानांतरण पा सकेंगे।
किस श्रेणी को कितना फायदा
- 30 हजार रुपये वेतन वाले करीब 10 हजार कर्मचारियों को 1500 रुपये की बढ़ोतरी मिलेगी।
- 40 हजार रुपये सैलरी वालों को 2000 रुपये तक लाभ होगा।
- 50 हजार रुपये सैलरी पाने वालों को 2500 रुपये की बढ़ोतरी मिलेगी।
- 1 लाख रुपये तक वेतन पाने वालों को 5000 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
हड़ताल खत्म, स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर
सरकार के फैसले के बाद एनएचएम कर्मचारी रविवार से काम पर लौट आए हैं। सोमवार से बढ़े हुए वेतन की प्रक्रिया भी शुरू होगी। कर्मचारियों का कहना है कि यह निर्णय उनके मनोबल को मजबूत करेगा। 33 दिनों से प्रभावित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं।



