रायपुर से नक्सली दंपति गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड से मकान किराए पर लेकर रह रहे थे

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने नक्सली संगठन से जुड़े दंपति को गिरफ्तार किया है। दोनों ने बीमारी का इलाज कराने के बहाने चंगोराभाठा इलाके में मकान किराए पर लिया था और फर्जी आधार कार्ड मकान मालिक को दिया था। पुलिस को शक है कि ये दंपति पिछले पांच से छह सालों से शहर में रह रहा था।

बीजापुर के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार किए गए दंपति की पहचान जग्गू उर्फ रमेश कुरसम और उसकी पत्नी कमला कुरसम के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि साल 2017-18 में यह दोनों नक्सली संगठन से जुड़े थे।

रायपुर में ड्राइवर और गार्ड की नौकरी

शुरुआती पूछताछ में पुलिस को पता चला कि रमेश कुरसम ने रायपुर में रहकर कई बड़े अधिकारियों के घर पर ड्राइवर और गार्ड की नौकरी की थी। वहीं, कमला ने किराए का मकान लेने के लिए फर्जी आधार कार्ड दिया था, जिसमें उसका नाम बदलकर लिखा गया था। करीब एक महीने पहले ही यह दोनों चंगोराभाठा के मकान में शिफ्ट हुए थे।

इंटेलिजेंस की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को खुफिया तंत्र से जानकारी मिली थी कि एक पुरुष और महिला नक्सलियों के शहरी नेटवर्क में सक्रिय हैं और संगठन को लगातार सूचनाएं भेजते हैं। इसके बाद छानबीन कर पुलिस ने डीडी नगर इलाके में दबिश दी और दंपति को गिरफ्तार किया।

जब्त हुआ सामान

पुलिस ने आरोपियों के मकान से मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इनसे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि नक्सली संगठन के साथ इनकी क्या भूमिका रही है और शहर में रहते हुए ये कितने समय से सक्रिय थे।

Also Read: Naxal New Leader: हिड़मा से भी ज्यादा खूंखार नक्सली नेता देवजी, 6 करोड़ का इनामी और 135 से ज्यादा जवानों का हत्यारा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button