
रायपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने एक पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर गौवंश की तस्करी और उनकी मासूम मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद गौठान और गोबर खरीदी योजना को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बंद कर दिया गया, जिसके कारण पिछले पौने दो साल में 5 लाख से अधिक पशुधन राज्य से गायब हो गए हैं।
भूख और दुर्घटना से ढाई हजार से ज्यादा मौतें
दीपक बैज ने गौठानों को बंद करने के फैसले पर निशाना साधते हुए कहा कि चारे-पानी के अभाव में और सड़कों पर घूमने के कारण बड़ी संख्या में गायों की मौत हो रही है। उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों और अपनी पार्टी की कमेटियों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए आंकड़े पेश किए:
Also Read: भखारा पुलिस की बड़ी कार्यवाही: 29 मवेशी की गौ-तस्करी करते पकड़े गए सात आरोपी
- सड़क दुर्घटना: पौने दो वर्षों में 850 से अधिक गायें सड़कों पर कुचल कर मारी गईं।
- भूख/चारा अभाव: लगभग 1200 से अधिक गायें भूख और चारे-पानी के अभाव में मारी गईं।
- जहरीले पदार्थ: 200 से अधिक गायें जहरीला पदार्थ खाने से मारी गईं।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना और भूख से मरने वाली गायों की कुल संख्या लगभग 2 हजार से ढाई हजार तक है।

‘5 लाख गौवंश गायब, सीधा मतलब तस्करी’
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि गौठान बंद होने के बाद सरकार ने गौवंश की तस्करी को बढ़ावा देना शुरू कर दिया।
“दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। यानी राज्य से पिछले दो सालों में लगभग 5 लाख से अधिक गौवंश गायब हो गए। दुर्घटना से मरने वाली गायों की संख्या तो ढाई हजार तक है, तो फिर ये 5 लाख गायें कहाँ गईं? सीधा मतलब है उनकी तस्करी कर यूपी, महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस (कत्लखाना) पहुँचा दी गई।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 10,800 गौठानों में लगभग 14 लाख गौवंश के चारे-पानी की व्यवस्था होती थी।

‘गो-पूजक भाजपा के राज में महापाप’
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि खुद को गो-रक्षक बताने वाली भाजपा के राज में गायों की तस्करी हो रही है और वे कत्लखानों में भेजी जा रही हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि:
- मोदी सरकार आने के बाद भारत ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक बन गया है।
- बीफ निर्यात करके मोदी सरकार हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रही है।
- इलेक्ट्रोल बांड में यह खुलासा हुआ कि भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियों से चंदा लिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गौठानों और गोबर खरीदी के माध्यम से गायों की रक्षा की और लोगों के लिए आय का जरिया बनाया, जबकि डबल इंजन की सरकार गौवंश को कत्लखानों में भेज रही है।
कांग्रेस पार्टी की प्रमुख मांगें
कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ सरकार से निम्नलिखित मांगों पर तत्काल स्पष्टीकरण और कार्रवाई की मांग की है:
- पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब लगभग 5 लाख गौवंश के बारे में सरकार स्पष्टीकरण दे।
- सरकार 2023 के पहले के सभी 10,800 गौठानों को पुनः शुरू करे।
- गौठानों में चारा-पानी की सुरक्षित व्यवस्था की जाए।
Also Read: भाजपा की सरकार में दिव्यांगों के नाम पर 1000 करोड़ का घोटाला, हाईकोर्ट ने CBI जांच के दिए आदेश



