
नई दिल्ली: DA Hike: फेस्टिव सीजन की शुरुआत में केंद्र सरकार ने अपने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों को दिवाली का बड़ा तोहफा दिया है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसले के तहत, महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। इस बढ़ोतरी के साथ ही महंगाई भत्ता अब कर्मचारियों की बेसिक सैलरी का 58 प्रतिशत हो गया है। यह बढ़ा हुआ डीए इसी वर्ष के 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगा।
1.15 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ
केंद्र सरकार के इस फैसले से करीब 49.19 लाख कर्मचारियों और 68.72 लाख पेंशनभोगियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनकी कुल संख्या 1.15 करोड़ से अधिक है। यह बढ़ोतरी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर तय स्वीकृत फॉर्मूले के अनुसार की गई है। इस वर्ष की शुरुआत में, 1 जनवरी 2025 को भी महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद यह 55 प्रतिशत हो गया था।
ऐसे समझें डीए बढ़ोतरी का गणित
डीए 58 प्रतिशत होने के बाद केंद्रीय कर्मचारियों को होने वाले लाभ को एक उदाहरण से समझा जा सकता है:
- पुरानी डीए दर (55%) पर: यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹50,000 है, तो उसे अभी तक ₹27,500 (55% डीए) मिलते थे।
- नई डीए दर (58%) पर: 3% की बढ़ोतरी के बाद यह राशि ₹29,000 (58% डीए) हो जाएगी।
- कुल लाभ: इस बढ़ोतरी से ₹50,000 की बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को प्रति माह ₹1,500 अधिक मिलेंगे, जो उनकी ग्रॉस सैलरी में जुड़ेंगे।
कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर की बकाया राशि (एरियर) भी अक्टूबर की सैलरी के साथ ही दी जाएगी, जिससे उनकी दिवाली और भी खास हो जाएगी।
Also Read: Bank Holiday: अक्टूबर में 21 दिन बंद रहेंगे बैंक, जानें कब-कब रहेगी छुट्टियाँ



