
रायगढ़: Lalunga News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बनेकेला से एक हैरतअंगेज और वीभत्स घटना सामने आई है। यहाँ पत्नी और उसकी बहन के बीच हो रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश करना पति को महंगा पड़ गया। गुस्से में आई पत्नी ने अपने पति का गुप्तांग धारदार वस्तु से काट डाला।
पत्नी ने बीच-बचाव करने पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार (3 अक्टूबर) की दोपहर को हुई। 33 वर्षीय राजमिस्त्री अनिल राठिया जब अपने घर पहुँचे, तो देखा कि उनकी पत्नी (उम्र करीब 30 वर्ष) अपनी बहन के साथ किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रही थी और उनके बीच जोरदार झगड़ा हो रहा था।
जब अनिल राठिया ने विवाद को शांत करने और अपनी पत्नी को दूर करने की कोशिश की, तो पत्नी का गुस्सा पति पर फूट पड़ा। उसने अनिल राठिया को पीटना शुरू कर दिया और अचानक घर में रखी धारदार वस्तु से उनके गुप्तांग पर वार कर उसे काट दिया। हमले के बाद युवक दर्द से तड़पते हुए जमीन पर गिर पड़ा।
पति अस्पताल में, पत्नी पर मामला दर्ज
घटना के समय घर में मौजूद अन्य सदस्य और पड़ोसियों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद घायल अनिल को तत्काल पास के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
लैलूंगा थाने में घटना की सूचना दी गई। डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जाँच की जा रही है। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पड़ोसियों का कहना है कि दंपत्ति के बीच रोजाना विवाद होता था, लेकिन इस तरह के वीभत्स हमले की किसी ने कल्पना नहीं की थी।



