
नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन से सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने अपनी मुलाकात के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की और राज्य के विकास, सेना भर्ती और बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की। मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री श्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

राष्ट्रपति को रजत जयंती वर्ष की जानकारी, उपराष्ट्रपति को राज्योत्सव का न्योता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को अवगत कराया कि वर्ष 2025 छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने राष्ट्रपति को इस विशेष अवसर पर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी और छत्तीसगढ़ आने के लिए सादर आमंत्रित किया। राष्ट्रपति ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं और राज्य के प्रयासों की सराहना की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन को 5 नवम्बर को नया रायपुर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया, जिसे उपराष्ट्रपति ने स्नेहपूर्वक स्वीकार कर लिया।

INS इंद्रावती और INS महानदी: नौसैनिक पोतों के नाम पर छत्तीसगढ़ की नदियों का सुझाव
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने एक अद्वितीय सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की नदियाँ इंद्रावती और महानदी केवल जलस्रोत नहीं, बल्कि प्रदेश की आत्मा हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि जब भी नए नौसैनिक पोतों या जहाजों को लॉन्च किया जाए, तो उनमें से कुछ का नाम छत्तीसगढ़ की नदियों या क्षेत्रों के नाम पर रखा जाए, जैसे INS इंद्रावती, INS महानदी, या INS बस्तर। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतीकात्मक रूप से राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्रदान करेगा।

बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार और सेना भर्ती रैली की मांग
मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री से बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए रक्षा मंत्रालय की भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने बिलासपुर में रक्षा क्षेत्र से संबंधित विकासात्मक कार्य आरंभ करने का भी आग्रह किया। युवाओं में देशभक्ति और अनुशासन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने मांग की कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को देश सेवा का अवसर प्रदान करने के लिए पूरे प्रदेश में विशेष ‘सेना भर्ती रैलियों’ का आयोजन किया जाए।

‘आत्मनिर्भर भारत’ के लिए रक्षा निर्माण को बढ़ावा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रक्षा मंत्री को राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस नीति के तहत रक्षा और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नीति प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “आत्मनिर्भर भारत” के विज़न के अनुरूप है और इससे छत्तीसगढ़ में उच्च तकनीकी प्रशिक्षण, अनुसंधान और निजी निवेश के अवसर बढ़ेंगे।




