
बलरामपुर: Balrampur News: बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पीलिया के प्रकोप से हड़कंप मच गया है। शनिवार को सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की पीलिया के कारण मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और गुस्सा फैल गया है। कई बच्चों के पीलिया ग्रसित होने की जानकारी सामने आने के बावजूद प्रशासन की गंभीर उदासीनता पर सवाल उठ रहे हैं।

गंदे पानी से फैला संक्रमण, छात्रों की जान खतरे में
बताया जा रहा है कि स्कूल में गंदा और दूषित पानी पीने से दर्जनों छात्र-छात्राओं में पीलिया फैल गया। अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एक महीना बीत जाने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते एक बच्ची की जान चली गई और कई अन्य बच्चों पर अभी भी बीमारी का खतरा मंडरा रहा है।
करीब 400 बच्चों वाले इस स्कूल में अब तक बड़ी संख्या में छात्र बीमार पड़ चुके हैं, जिनमें से अधिकतर पीलिया से पीड़ित बताए गए हैं।

पानी टंकी में निकल रहे थे कीड़े: छात्रों का आरोप
छात्रों ने चौंकाने वाला आरोप लगाते हुए बताया कि स्कूल की पानी टंकी से नल में कीड़े निकल रहे थे। उन्होंने इसकी जानकारी स्कूल प्रिंसिपल को भी दी थी, लेकिन टंकी की सफाई नहीं कराई गई। बच्चों ने बताया कि नल के पानी में कीड़े मिलने के बाद उन्होंने टंकी का पानी पीना बंद कर दिया था। इसके बावजूद टंकी की सफाई नहीं हुई और कुछ बच्चे मजबूरी में वही पानी पीते रहे।
स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम उठाए होते और पानी की टंकी साफ करवा दी होती, तो आज यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश
इस गंभीर मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी रायमुनि यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “मुझे पदभार संभाले ज्यादा दिन नहीं हुए हैं। मैं सोमवार को स्वयं स्कूल जाकर पूरे मामले की जांच करूंगा। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल स्कूल परिसर में दहशत और मातम का माहौल है और सभी जल्द से जल्द बीमार बच्चों के स्वास्थ्य लाभ की दुआ कर रहे हैं।
Also Read: CG School Holiday: स्कूलों में दशहरा, दीपावली, शीतकालीन और ग्रीष्मकालीन अवकाश का ऐलान, देखें लिस्ट…



