
बलौदाबाजार: बलौदाबाजार में कोतवाली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशे के खिलाफ अभियान के दौरान बीती रात एक आदिवासी युवक हितेश्वर भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के कूल्हे के निचले हिस्से में कांच की बोतल फूटने से गहरी चोट आई है और उसे 14 टाँके लगे हैं। इस घटना को लेकर अब कांग्रेस ने पुलिस पर बर्बरता और अत्याचार का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर थाना प्रभारी (TI) को तत्काल हटाने की मांग की है।

युवक का गंभीर आरोप- ‘TI ने पीछे से मारी लात’
घायल युवक हितेश्वर भट्ट ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बताया कि वह रात 9 बजे रिसदा रोड पर एक दुकान के पास सिगरेट पीते खड़ा था और उसने शराब की छोटी शीशी पैंट के पीछे के हिस्से में रखी हुई थी।
पीड़ित का आरोप है कि उसी दौरान कोतवाली थाना प्रभारी अजय झा अपनी टीम के साथ वहाँ पहुँचे। पुलिस को देखकर वहाँ खड़े लोग भागने लगे। हितेश्वर भट्ट ने बताया, “कोतवाली थाना प्रभारी अजय झा ने मेरे कमर के निचले हिस्से में पीछे से लात मारी, जिससे पीछे रखी शराब की बोतल फूट गई और कांच शरीर में घुस गया।” युवक को उसके दोस्तों ने जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

कांग्रेस ने की TI को हटाने की मांग
इस घटना को पुलिस का अत्याचार बताते हुए जिला युवक कांग्रेस के अध्यक्ष शैलेन्द्र बंजारे ने कहा कि आदिवासी युवक के साथ पुलिस ने बर्बरता की है। उन्होंने कहा, “थाना प्रभारी अपनी दबंगई दिखा रहे हैं। उन पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।”
युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के चित्र के साथ कोतवाली थाना पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया और थाना प्रभारी को हटाने की मांग करते हुए प्रशासन को आवेदन सौंपा। घायल युवक की माँ रानी भट्ट ने भी पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है और मामले में कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का पक्ष: ‘भागने के दौरान लगी चोट’
मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक सिंह ने पुलिस का पक्ष रखा है। उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है और कोतवाली पुलिस उसी दौरान चेकिंग कर रही थी।
एएसपी ने कहा कि रिसदा रोड पर शराब पीने-पिलाने का काम हो रहा था, जिसे देखकर पुलिस ने लोगों को दौड़ाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित हितेश्वर भट्ट, जिसने अपने पैंट के पिछले हिस्से में शराब की बोतल रखी थी, वह भागने के दौरान फूट गई, जिससे उसे चोट पहुँची है। एएसपी ने आश्वासन दिया कि प्रार्थी की शिकायत के आधार पर आगे जाँच कर कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, पुलिस यह मानकर चल रही है कि चोट पुलिस से बचने के लिए भागने के दौरान लगी है, जबकि कांग्रेस और घायल युवक थाना प्रभारी पर सीधे मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।



