
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। धमतरी ब्लॉक के पटौद शासकीय प्राथमिक शाला में पदस्थ शिक्षिका देहुती ध्रुव पर बच्चों की पढ़ाई को पूरी तरह नजरअंदाज करने और स्कूल समय में ही सोने के गंभीर आरोप लगे हैं। नाराज पालकों ने सामूहिक रूप से जिला प्रशासन को लिखित शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

5 साल से सिर दर्द का बहाना
पटौद शासकीय प्राथमिक शाला की यह स्थिति शिक्षा विभाग की हकीकत बयाँ कर रही है। पालकों का आरोप है कि शिक्षिका देहुती ध्रुव पिछले करीब पाँच वर्षों से कार्यरत हैं, लेकिन वह बच्चों को पढ़ाने के बजाय अक्सर सिर दर्द का बहाना बनाकर पास की आंगनबाड़ी में जाकर सो जाती हैं।
- बच्चों की पढ़ाई प्रभावित: शाला में कुल आठ बच्चों का नामांकन है, लेकिन शिक्षिका की इस घोर लापरवाही से बच्चों का भविष्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और वे पढ़ाई से वंचित हो रहे हैं।
- बच्चों से दुर्व्यवहार: पालकों ने यह भी आरोप लगाया है कि शिक्षिका बच्चों से अभद्र व्यवहार भी करती हैं, जिसके चलते बच्चे अब स्कूल आने से कतराने लगे हैं।
पालकों का कहना है कि वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन ने अब इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जाँच कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।



