CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने 170 नक्सलियों का ऐतिहासिक आत्मसमर्पण, शिक्षकों के परिधान पर बवाल से शिक्षा विभाग में हलचल, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान, महासमुंद में 22 लाख का गांजा जब्त, चित्रकोट वॉटरफॉल को मिलेगा ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन का दर्जा, दीपावली से पहले 6 लाख की अवैध शराब जब्त, सरकारी कर्मचारियों को अग्रिम वेतन का तोहफा, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से 250 गांव जुड़े मुख्यालय से, मेकाहारा में दुर्लभ गर्भावस्था का सफल ऑपरेशन, हाथी आतंक से परेशान ग्रामीणों ने मैनपुर में किया उग्र प्रदर्शन समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का ऐतिहासिक आत्मसमर्पण, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने 170 नक्सली करेंगे सरेंडर
Naxal Surrender: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने छत्तीसगढ़ के इतिहास का सबसे बड़ा नक्सली आत्मसमर्पण होने जा रहा है। जगदलपुर में 170 से अधिक माओवादी कैडर, जिनमें कई बड़े नक्सली नेता भी शामिल हैं, अपने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करेंगे। इस सरेंडर का नेतृत्व नक्सली कमांडर रूपेश कर रहा है। यह प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी सरेंडर प्रक्रिया होगी जिसमें 100 से अधिक हथियार जमा किए जाएंगे। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री खुद इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। इस पहल को नक्सल प्रभावित दण्डकारण्य क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
शिक्षक के जींस-टीशर्ट पहनने पर बवाल, जॉइंट डायरेक्टर पर अभद्र व्यवहार का आरोप
Teacher Controversy: बस्तर संभाग के शिक्षा विभाग में एक शिक्षक के साथ कथित अपमानजनक व्यवहार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कोंडागांव के शिक्षक प्रकाश कुमार नेताम ने आरोप लगाया है कि संयुक्त संचालक (शिक्षा) ने केवल जींस-शर्ट पहनने के कारण उन्हें दफ्तर से बाहर निकाल दिया। शिक्षक संघ ने इस घटना को अनुशासनहीनता और अमानवीय व्यवहार बताया है। पीड़ित शिक्षक ने विधायक और अधिकारियों को शिकायत पत्र भेजा है। संघ ने सात दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। अब शासन पर निगाहें टिकी हैं कि वह इस मामले पर क्या रुख अपनाता है।
महासमुंद में बड़ी कार्रवाई, 22 लाख का गांजा जब्त- दो तस्कर गिरफ्तार
Drug Seizure: महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस ने मिलकर गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान एक पिकअप वाहन से 1 क्विंटल 10 किलो गांजा बरामद किया गया जिसकी कीमत 22 लाख रुपये आंकी गई। आरोपी बिहार और यूपी के रहने वाले हैं जो लंबे समय से अंतरराज्यीय तस्करी में शामिल थे। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब पुलिस तस्करी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी है।
चित्रकोट वॉटरफॉल को मिलेगा ग्लोबल डेस्टिनेशन का दर्जा, राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन में हुई सहमति
Tourism Development: उदयपुर में आयोजित राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के चित्रकोट वॉटरफॉल को “वन स्टेट, वन ग्लोबल डेस्टिनेशन” योजना में शामिल करने का प्रस्ताव रखा। केंद्र ने इस पर सहमति जताई। मंत्री ने कहा कि चित्रकोट, सिरपुर और बारनवापारा जैसे स्थलों को वर्ल्ड-क्लास टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित करने पर काम चल रहा है। इससे रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और जनजातीय संस्कृति को वैश्विक पहचान मिलेगी।
दीपावली से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 लाख की शराब जब्त – तस्कर फरार
Liquor Smuggling: जगदलपुर पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध शराब के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक पिकअप से 100 पेटी गोवा व्हिस्की जब्त की, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 40 हजार रुपये है। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बड़ांजी थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब और जुआ-सट्टे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का लाभ: छत्तीसगढ़ के 250 से अधिक गाँवों को पहली बार मिली बस सेवा
CM Rural Bus Scheme: छत्तीसगढ़ में सुदूर गाँवों तक आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का लाभ अब 250 से अधिक गाँवों के निवासियों को मिलने लगा है। योजना के पहले चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में अब तक 34 चयनित मार्गों पर 33 बसों का संचालन शुरू हो चुका है, जिससे इन गाँवों को पहली बार सीधे जनपद, तहसील और जिला मुख्यालय से जोड़ा गया है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा, रोजगार के अवसर और आपसी संपर्क में बढ़ोतरी मिल रही है। राज्य शासन द्वारा बस संचालकों को तीन वर्ष तक मासिक कर से पूर्ण छूट के साथ प्रति किलोमीटर के आधार पर वित्तीय सहायता भी दी जा रही है।
मेकाहारा में दुर्लभ गर्भावस्था का सफल ऑपरेशन, मां और बच्चा दोनों सुरक्षित
Rare Surgery: रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में डॉक्टरों ने एक दुर्लभ गर्भावस्था के मामले में सफल ऑपरेशन कर इतिहास रच दिया। महिला के गर्भाशय की जगह पेट में भ्रूण विकसित हो रहा था। जोखिम भरे ऑपरेशन के बावजूद डॉक्टरों ने मां और बच्चे दोनों की जान बचाई। डॉक्टरों की टीम को इस सफलता के लिए राज्य चिकित्सा समुदाय में सराहना मिल रही है।
दीपावली से पहले कर्मचारियों को साय सरकार का तोहफा, अग्रिम वेतन भुगतान का आदेश जारी
CG Salary Advance: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने दीपावली पर्व से पहले प्रदेश के सभी सरकारी कर्मचारियों को खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर वित्त विभाग ने अक्टूबर महीने का वेतन 17 और 18 अक्टूबर को अग्रिम भुगतान करने का आदेश जारी किया है। इस फैसले से लाखों कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है।
हाथी आतंक से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मैनपुर में प्रदर्शन कर रखीं 10 मांगें
Elephant Conflict: गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में हाथियों के हमले से लगातार हो रही मौतों के विरोध में ग्रामीणों ने वन विभाग को घेरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 30 गांवों से जुटकर प्रशासन के सामने 10 मांगें रखीं, जिनमें 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी की मांग प्रमुख रही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 15 दिनों में समाधान नहीं हुआ तो वे गांव-गांव आंदोलन करेंगे।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान, CM साय ने कहा- यह टीमवर्क की जीत है
Ayushman Bharat: भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) सम्मेलन में छत्तीसगढ़ को ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य’ घोषित किया गया। यह सम्मान राज्य नोडल एजेंसी की पारदर्शी और प्रभावी कार्यप्रणाली के लिए मिला। डॉ. प्रियंका शुक्ला और धर्मेंद्र गहवाई ने राज्य की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जनता को सस्ती चिकित्सा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Also Read: धमतरी नगर निगम में भ्रष्टाचार का खेल: टेंडर से लेकर सफाई तक हर काम में गड़बड़ी के आरोप



