CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें जगदलपुर में 9.18 करोड़ के इनामी 210 नक्सलियों का ऐतिहासिक आत्मसमर्पण, गन्ना किसानों को दीपावली पर 5.98 करोड़ रुपये का बोनस तोहफा, रायपुर में थार गाड़ी से मिली युवक की लाश से सनसनी, दुर्ग में अल्ट्रासाउंड के दौरान गर्भवती महिला से डॉक्टर की छेड़छाड़ पर FIR, पेंशनरों को दिवाली से पहले बढ़ी महंगाई राहत की सौगात, बहू ने हथौड़े से दादी सास की हत्या कर मचाई सनसनी, बलरामपुर में मिट्टी खदान धंसने से दो की मौत एक लापता, महावीर निर्वाण दिवस पर पूरे प्रदेश में मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, सूरजपुर में युवक रहस्यमय तरीके से लापता होने से हड़कंप, आत्मानंद स्कूल में छात्रों से पुताई करवाने पर प्राचार्य पद से हटाए गए समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
गन्ना किसानों को दीपावली पर मिला बोनस तोहफा, 7,658 किसानों को 5.98 करोड़ की प्रोत्साहन राशि
Sugarcane Farmers Bonus: कबीरधाम जिले के गन्ना किसानों के लिए दीपावली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। राज्य शासन ने वर्ष 2024-25 के पेराई सत्र के लिए किसानों को 5 करोड़ 98 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की है। यह राशि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया के माध्यम से 7,658 किसानों के खातों में जमा की जा चुकी है। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह निर्णय किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम है।
रायपुर में थार गाड़ी से मिली युवक की लाश, क्षेत्र में सनसनी
Mystery: राजधानी रायपुर के टाटीबंध क्षेत्र में खड़ी थार गाड़ी से एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव दो-तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह वही थार वाहन (CG 04 PX 6888) है जिसका 15 दिन पहले भिलाई-3 के पास एक्सीडेंट हुआ था। उसे टाटीबंध स्थित महिंद्रा शोरूम के पास पार्क किया गया था। वाहन की खिड़की खुली थी और अंदर से बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है और पोस्टमार्टम के लिए मेकहारा अस्पताल भेजा गया है।
नक्सलियों का ऐतिहासिक सरेंडर : 9.18 करोड़ के इनामी माओवादियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता
Naxalites Surrender: छत्तीसगढ़ में इतिहास का सबसे बड़ा नक्सली आत्मसमर्पण देखने को मिला है। जगदलपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के सामने 210 नक्सलियों ने सरेंडर किया, जिन पर कुल 9 करोड़ 18 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें से केंद्रीय समिति सदस्य रूपेश उर्फ सतीश पर सबसे अधिक 4 करोड़ रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी उत्तर बस्तर और अबूझमाड़ क्षेत्र में सक्रिय थे। उनके पास से 19 एके-47 राइफल, 23 इंसास राइफल और 153 से अधिक हथियार बरामद हुए हैं। इस ऐतिहासिक आत्मसमर्पण में ताक्कलपल्ली वासुदेव राव उर्फ रूपेश का नाम सबसे प्रमुख है। यह वही व्यक्ति है जिसने 2000 में आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू पर हमले की साजिश रची थी। वह 1999 में गृह मंत्री ए. माधव रेड्डी और आईपीएस अधिकारी उमेश चंद्रा की हत्या में भी शामिल था। माड़ संभाग प्रभारी रनिता समेत कई शीर्ष माओवादी नेताओं ने भी आत्मसमर्पण किया है। राज्य सरकार ने सभी को पुनर्वास योजना के तहत मुख्यधारा में लौटने का अवसर दिया है।
अल्ट्रासाउंड के दौरान गर्भवती महिला से छेड़छाड़, डॉक्टर के खिलाफ FIR
Molestation: दुर्ग जिले के भिलाई में एक गर्भवती महिला से अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टर द्वारा छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने आरोपी डॉक्टर गिरीश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज की है महिला ने बताया कि डॉक्टर ने जांच के बहाने अशोभनीय हरकत की और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया। हालांकि, महिला ने इनकार करते हुए FIR की मांग की। देर रात पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
दिवाली से पहले पेंशनरों को खुशखबरी, सरकार ने बढ़ाई महंगाई राहत
राज्य सरकार ने दिवाली से पहले पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है। वित्त विभाग ने पेंशनरों और परिवार पेंशनरों के लिए महंगाई राहत दरों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब सातवें वेतनमान के तहत महंगाई राहत 55% और छठवें वेतनमान के तहत 252% की दर से दी जाएगी। यह संशोधन 1 सितंबर 2025 से लागू होगा। सरकार के इस निर्णय से हजारों पेंशनरों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
दुर्ग में खाना बनाने को लेकर विवाद, बहू ने हथौड़े से दादी सास की हत्या की
Durg Murder Case: दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। खाना बनाने के विवाद में बहू ने अपनी दादी सास पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना ग्राम बोरी की है। जांच में पता चला कि दादी सास उर्मिला वर्मा और बहू रोशनी वर्मा के बीच अक्सर झगड़े होते थे। विवाद बढ़ने पर आरोपी बहू ने हथौड़े से वार कर दिया, जिससे मौके पर ही वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
बलरामपुर में मिट्टी खदान धंसने से दो की मौत, एक लापता
Balrampur Accident: बलरामपुर जिले में मिट्टी खदान धंसने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। यह हादसे वाड्रफनगर क्षेत्र के लोधी और मदनपुर गांवों में हुए। लोधी गांव में दीवार पुताई के लिए मिट्टी निकालते समय चार लोग दब गए, जिनमें उमेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मदनपुर गांव में मिट्टी निकालते समय महिला सविता की मौत हो गई। एक अन्य महिला घायल है। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
महावीर निर्वाण दिवस पर मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, आदेश जारी
Sale of Mutton Restriction: रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में महावीर निर्वाण दिवस (21 अक्टूबर 2025) को मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगरीय निकाय विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद रायपुर नगर निगम ने सभी मांस विक्रेताओं को दुकाने बंद रखने के निर्देश दिए हैं। रायपुर नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही ने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी। जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक पूरे शहर में निगरानी रखेंगे ताकि कोई दुकान खुली न मिले। महापौर मीनल चौबे ने भी निर्देश दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सूरजपुर में युवक रहस्यमय तरीके से लापता, नदी में बहने की आशंका
Disappearance: सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर में एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक अपने रिश्तेदारों के साथ शराब पीने गया था, लेकिन उसके बाद वह अचानक गायब हो गया। पुलिस और DDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। आशंका है कि नदी पार करते समय युवक बह गया होगा। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है और परिवार के लोग बेसुध हालत में हैं।
आत्मानंद स्कूल में छात्रों से क्लासरूम पुताई मामला: प्राचार्य पद से हटाए गए कुंज किशोर
Atmanand School: डोंगाकोहरौद के आत्मानंद स्कूल में छात्रों से क्लासरूम पुताई और वसूली मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रभारी प्राचार्य कुंज किशोर को पद से हटाया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में छात्र-छात्राएं कक्षा की दीवारों पर पेंट करते दिखे थे। जांच में पुष्टि हुई कि प्राचार्य ने पुताई न करने पर कम नंबर देने की धमकी दी थी। डीईओ ने अब मामले को आगे की विभागीय कार्रवाई के लिए डीपीआई को भेज दिया है।



