
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को खंडित करने के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद उपजा सामाजिक आक्रोश के बाद आज नई प्रतिमा की त्वरित पुनः स्थापना से शांत हो गया है।
VIP चौक पर हुई थी प्रतिमा से तोड़फोड़
यह पूरी घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत वीआईपी चौक पर हुई थी, जहाँ शनिवार रात को छत्तीसगढ़ महतारी की स्थापित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा को खंडित किए जाने की खबर फैलते ही पूरे शहर और राज्य में गहरा आक्रोश उत्पन्न हो गया था।

पुलिस ने आरोपी मनोज कुर्रे को किया गिरफ्तार
पुलिस ने प्रतिमा से तोड़फोड़ करने वाले आरोपी की पहचान मनोज कुर्रे के रूप में की है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

मानसिक स्वास्थ्य की हुई जाँच
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मनोज कुर्रे मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा फिलहाल आरोपी की मेडिकल जाँच कराई जा रही है ताकि उसकी मानसिक स्थिति की पुष्टि हो सके।
सामाजिक संगठनों का प्रदर्शन और मांग
प्रतिमा खंडित होने के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना सहित कई सामाजिक संगठनों ने वीआईपी चौक पर जमकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा की पुन:स्थापना की मांग की थी। सामाजिक भावनाओं को देखते हुए, प्रशासन ने जल्द से जल्द नई प्रतिमा स्थापित कर दी है, जिससे लोगों में संतोष का माहौल है।
Also Read: PM मोदी से मिलना चाहते हैं पूर्व कांग्रेसी मेयर, इस मामले पर रखेंगे अपनी बात



