
रायपुर: राजधानी रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र में स्थित CBD रेलवे स्टेशन के पीछे 3 नवंबर को मिली एक सड़ी-गली अज्ञात लाश की पहचान कर ली गई है। शव मिलने की सूचना के बाद माना थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था।
पुलिस की गहन जाँच में मृतक की शिनाख्त अक्षत चौधरी, निवासी हनुमान ताल, जबलपुर के रूप में हुई है। शव बेहद खराब अवस्था में मिला था। पुलिस ने मृतक की गुमशुदगी के संबंध में आस-पास के थानों में जानकारी जुटाई, लेकिन किसी भी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं थी। प्रारंभिक जाँच के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।
राज्योत्सव स्थल से लापता हुआ था कर्मचारी, साथियों ने नहीं दर्ज कराई रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अक्षत चौधरी राज्योत्सव स्थल पर लाइट लगाने वाली टीम के साथ कार्यरत था। वह 24 अक्टूबर से राज्योत्सव स्थल से लापता था, लेकिन इस दौरान उसके साथियों ने कोई भी पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी। इस बात ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर मृतक राज्योत्सव स्थल से कैसे और क्यों गायब हुआ।
पुलिस ने फिलहाल 15-20 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की मौत का समय, कारण और वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल में जुटी हुई है।
Also Read: PM मोदी के दौरे पर ड्यूटी के लिए रायपुर पहुंचे आरक्षक की मौत, कांकेर में थे पदस्थ



