
धमतरी: जनपद पंचायत धमतरी के सभा कक्ष में ब्लॉक स्तरीय सरपंच संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में उपस्थित सरपंचों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। मुख्य समस्या यह रही कि पंचायतों को अब तक 15वें वित्त आयोग और मूलभूत की राशि प्राप्त नहीं हुई है, जिसके कारण विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। सरपंचों ने अपनी मानदेय राशि को सम्मानजनक न बताते हुए, उसमें बढ़ोतरी की भी मांग रखी। जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों के लिए कई बार भागदौड़ करनी पड़ती है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फंड नहीं मिलने से गांव वालों के सामने झुकने की आई नौबत
सरपंचों ने अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव हुए लगभग 9-10 महीने हो चुके हैं, लेकिन विकास कार्य शुरू करने के लिए अभी तक फंड जारी नहीं हुआ है। इस स्थिति के कारण उन्हें गाँव वालों के सामने झुकना पड़ रहा है। पंचायतों में उत्पन्न संकट को देखते हुए, सभी ने मिलकर यह निर्णय लिया कि पंचायत विकास कार्य शुरू कराने के संबंध में संबंधित अधिकारी, क्षेत्रीय विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई जाएगी, ताकि पंचायतों में विकास की गति तेज हो सके। इस बैठक में संरक्षक श्याम सुंदर सिन्हा, अध्यक्ष हिमांशु शेखर साहू, सचिव हेमंत नेताम, कोषाध्यक्ष रामकुमार यादव, मीडिया प्रभारी प्रेमू चंद्रवंशी सहित अन्य पदाधिकारी और सरपंच उपस्थित रहे।
Also Read: नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से अश्लील प्रस्ताव: धमतरी पुलिस ने आरोपी वार्ड बॉय को किया गिरफ्तार



