
धमतरी जिले के नगरी विकासखंड में लंबे समय से लंबित फुटहामुड़ा नहर निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए उच्च स्तरीय टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। दल में जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता शंकर ठाकुर और अधीक्षण अभियंता के. के. मित्तल शामिल थे। उनके साथ कार्यपालन अभियंता हेमलाल कुरेशिया, अनुविभागीय अधिकारी पेमेंश सिन्हा और भविन देवांगन भी मौजूद रहे। टीम ने पूरे क्षेत्र का दौरा कर निर्माण की मौजूदा स्थिति, तकनीकी जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की।
19.74 किलोमीटर लंबी नहर से मिलेगा सिंचाई का बड़ा लाभ
फुटहामुड़ा नहर का निर्माण गंगरेल जलाशय के सैंडल डैम से शुरू होकर करीब 19.74 किलोमीटर तक प्रस्तावित है। परियोजना पूरी होने पर नगरी विकासखंड के 22 गांवों में लगभग 1940 हेक्टेयर खेतों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे किसानों की उत्पादन क्षमता में बेहतर सुधार की संभावना है।
भू-अर्जन लगभग पूरा, वन क्षेत्र की मंजूरी अंतिम चरण में
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मुख्य नहर से प्रभावित 10 गांवों की 14.33 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। इसके अलावा वन क्षेत्र से प्रभावित 24.42 हेक्टेयर भूमि से जुड़े प्रकरण को अंतिम चरण की स्वीकृति मिल चुकी है। इससे निर्माण शुरू करने में किसी तरह की प्रशासनिक बाधा अब शेष नहीं है।
अधिकारियों ने दिए तुरंत काम शुरू करने के निर्देश
मुख्य अभियंता शंकर ठाकुर ने संबंधित एजेंसी और विभागीय कर्मियों को बिना देरी निर्माण कार्य शुरू करने और गुणवत्ता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यह परियोजना किसानों के लिए महत्वपूर्ण है और तय समय सीमा के भीतर इसे पूरा करना जरूरी है।
परियोजना से बढ़ेगी सिंचाई क्षमता
जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के अनुसार नहर बनने के बाद नगरी क्षेत्र में सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। इससे किसानों की पैदावार और आर्थिक स्थिति दोनों बेहतर होंगी।
Also Read: BLO Salary Hike: चुनाव आयोग ने खोला खजाना, SIR के काम में लगे BLO की सैलरी की डबल



