VIDEO: रायपुर पहुँची टीम इंडिया, कल स्टेडियम में होगा प्रैक्टिस सेशन, देखें वीडियो

Team India Reached Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी दोनों टीमें आज शाम 4:30 बजे रांची से एक ही चार्टर्ड फ्लाइट से रायपुर पहुँच गईं। खिलाड़ियों ने माना स्थित विवेकानंद एयरपोर्ट पर फैंस का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। रांची में पहले एकदिवसीय मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। रोहित शर्मा, विराट कोहली और अन्य स्टार खिलाड़ी कल स्टेडियम में प्रैक्टिस करेंगे।

दोनों टीमों के संभावित खिलाड़ी, कल से प्रैक्टिस शुरू

दोनों टीमें एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना हुईं और संभवतः कल से प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेंगी। टीम इंडिया की संभावित टीम में केएल राहुल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, वॉशिंगटन सुंदर और रविन्द्र जड़ेजा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की कमान ऐडन मार्करम के हाथों में है। उनकी टीम में क्विंटन डी कॉक, मैथ्यू ब्रीट्जकी और मार्को यानसन जैसे खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं।

स्थानीय खिलाड़ियों को रोहित-विराट के सामने गेंद डालने का मौका

दोनों टीमों के लिए 30 स्थानीय खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर लिया गया है। प्रैक्टिस के दौरान इन खिलाड़ियों को रोहित-विराट जैसे दिग्गजों के सामने गेंद डालने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों की डिमांड के अनुसार स्थानीय खिलाड़ी को नेट्स पर भेजा जाएगा। यह पहल स्थानीय प्रतिभाओं के लिए एक बड़ा अवसर है।

दर्शकों के लिए स्टेडियम में पानी मुफ्त, खाने-पीने के रेट तय

दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में 22 बड़े वाटर फिल्टर लगाए गए हैं, यानी पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ओवर चार्जिंग को रोकने के लिए हर वेंडर को रेट-लिस्ट डिस्प्ले करना होगा। स्टेडियम में कई जगह रेट-चार्ट चस्पा किया जाएगा। यह मैच रायपुर के स्टेडियम में बीसीसीआई को हैंडओवर किए जाने के बाद पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जिसकी तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं।

देखिये वीडियो-

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्च स्तरीय बैठक, 2 हजार जवान तैनात

मैच को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक की अध्यक्षता आईजी रायपुर रेंज और डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल कर रहे हैं। बैठक में डीएसपी, एएसपी स्तर के अधिकारी, एसएसपी रायपुर समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य स्टेडियम, होटलों और पूरे रूट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। मैच के दौरान 2 हजार पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।

Also Read: छत्तीसगढ़ में यहां पूरे विधि-विधान से होती है कुत्तों की पूजा, जानें क्यों होता है ‘कुकुर तिहार’ का आयोजन  

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button