
भिलाईवासियों के लिए साल के अंत में एक बड़ा धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आगामी 25 से 29 दिसंबर तक भिलाई के जयंती स्टेडियम के पास अपनी वाणी से भक्तों को निहाल करेंगे। सेवा समर्पण समिति दुर्ग की देखरेख में आयोजित होने वाली इस पांच दिवसीय श्री हनुमंत कथा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन की खास बात यह है कि यहां करीब 100 अलग-अलग समाजों की भागीदारी दिखेगी। आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर विभिन्न समाजों के स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, जिन पर उनकी परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिलेगी। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति ने पार्किंग, पेयजल और निशुल्क भोजन की पुख्ता व्यवस्था करने का दावा किया है।
27 दिसंबर को लगेगा दिव्य दरबार, पर्चियों के जरिए निकलेगा समस्याओं का हल
भिलाई में होने वाले इस भव्य आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण 27 दिसंबर को लगने वाला ‘दिव्य दरबार’ होगा। पंडित धीरेंद्र शास्त्री इस दिन विशेष रूप से भक्तों के बीच बैठेंगे और हमेशा की तरह पर्चियों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान और मार्गदर्शन करेंगे। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर में बैरिकेडिंग की जा रही है और इमरजेंसी के लिए मेडिकल कैंप भी लगाए जा रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक तैनात रहेंगे, जिनका बाकायदा वालंटियर कार्ड बनाया जा रहा है। जल्द ही आयोजन स्थल पर ध्वज पूजन का कार्यक्रम भी संपन्न होगा, जिसके बाद इस धार्मिक अनुष्ठान की औपचारिक शुरुआत मानी जाएगी। प्रशासन भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर है।



