CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बलौदाबाजार हिंसा केस में अमित बघेल की जमानत खारिज–20 जनवरी तक जेल, धान खरीदी में 12 जिलों के 38 कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई, रायपुर में 11.51 करोड़ की हाई-प्रोफाइल ठगी का पर्दाफाश, CSVTU में पीएचडी घोटाले से हड़कंप, अंबिकापुर में जल-जंगल-जमीन के लिए हजारों आदिवासी सड़कों पर, असम चुनाव को लेकर भूपेश बघेल का दिल्ली मिशन, शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया 30 जनवरी तक रिमांड पर, जून 2026 में बंद होगा कुम्हारी टोल प्लाजा, भिलाई में जैतखाम पर हमले से तनाव और सरगुजा में गर्भपात की दवा से युवती की मौत समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

अमित बघेल की जमानत याचिका खारिज, 20 जनवरी तक जेल

बलौदाबाजार हिंसा और आगजनी मामले में गिरफ्तार अमित बघेल को सीजेएम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी नामंजूर करते हुए उन्हें 20 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सुरक्षा कारणों से उन्हें रायपुर सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया गया है। बघेल ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक षड्यंत्र बताया है। ज्ञात हो कि 10 जून 2024 की हिंसा में अब तक 200 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और 13 एफआईआर दर्ज हैं।

धान खरीदी में बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: 12 जिलों के 38 कर्मचारियों पर गाज

छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदी 2025-26 में अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। स्टॉक में कमी, फर्जी टोकन और अवैध वसूली के मामले में दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम समेत 12 जिलों के 38 कर्मचारियों को दंडित किया गया है। खाद्य विभाग ने घटिया धान खरीदने और बारदाना वितरण में धांधली पाए जाने पर 14 राइस मिलों को भी सील कर दिया है।

रायपुर में 11.51 करोड़ की हाई-प्रोफाइल ठगी: 3 कारोबारी गिरफ्तार

राजधानी के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक बड़े जमीन घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। हाई-टेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों ने कारोबारी विकास गोयल को बलौदाबाजार की 22 हेक्टेयर जमीन बेचकर 11.51 करोड़ रुपये हड़प लिए। बाद में पता चला कि यह जमीन पहले से ही स्टेट बैंक में गिरवी है और डीआरटी मुंबई के आदेश के तहत कुर्क है। पुलिस ने नारायण प्रसाद, पंकज और प्रीतम टेकरीवाल को गिरफ्तार कर लिया है।

भिलाई CSVTU में ‘पीएचडी घोटाला’: फर्जी रसीदों से करोड़ों की हेराफेरी

स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) में 2022 से 2025 के बीच पीएचडी शोधार्थियों की फीस हड़पने का मामला सामने आया है। अधिकारियों की मिलीभगत से छात्रों को आधिकारिक दिखने वाली फर्जी रसीदें दी गईं, लेकिन पैसा विश्वविद्यालय के खाते में जमा नहीं हुआ। कुलपति ने स्वयं फाइल खोलकर जांच के आदेश दिए हैं। अब संस्थान में भविष्य में होने वाले सभी भुगतानों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन कर दिया गया है।

अंबिकापुर में जल-जंगल-जमीन के लिए हुंकार: हजारों आदिवासियों का प्रदर्शन

सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर में शुक्रवार को भारी जनसैलाब उमड़ा। हसदेव अरण्य और रामगढ़ क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों ने खदानों के कारण हो रहे पर्यावरणीय नुकसान के खिलाफ रैली निकाली। सामाजिक कार्यकर्ता आलोक शुक्ला के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने में खदानों का सर्वे और जंगलों की कटाई नहीं रुकी, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी लोगों को रोजगार देकर स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों को तबाह किया जा रहा है।

भूपेश बघेल का असम मिशन: दिल्ली में खरगे और राहुल गांधी के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ असम विधानसभा चुनाव को लेकर अहम बैठक की। बतौर ऑबजर्वर बघेल ने कहा कि असम की जनता वर्तमान सरकार के ‘सिंडिकेट राज’ से त्रस्त है। बैठक में जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी मुद्दों को लेकर विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। बघेल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जीत का दावा किया है।

शराब घोटाला: सौम्या चौरसिया को 30 जनवरी तक न्यायिक रिमांड

बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया से तीन दिनों तक गहन पूछताछ की। रिमांड अवधि खत्म होने के बाद उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हाल ही में हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज कर दी थी।

रायपुर की बड़ी घोषणा: जून 2026 में बंद होगा कुम्हारी टोल प्लाजा

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बैठक कर रायपुरवासियों को बड़ी राहत दी है। जून 2026 में दुर्ग-आरंग बायपास शुरू होते ही कुम्हारी टोल प्लाजा बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही कचना ओवरब्रिज को मार्च 2026 तक पूरा करने और खालसा कॉलेज से मोवा तक 4.5 किमी लंबा नया पुल बनाने की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई है। रायपुर को 2026 के अंत तक भारतमाला एक्सप्रेस-वे की सौगात भी मिलेगी।

भिलाई में सांप्रदायिक तनाव की कोशिश: जैतखाम पर रॉड लेकर हमला

भिलाई-3 के गुरु घासीदास नगर में एक युवक अजय जंगम ने सार्वजनिक जैतखाम परिसर में घुसकर उत्पात मचाया। सतनामी समाज के अध्यक्ष के अनुसार, आरोपी ने लोहे की रॉड लेकर जैतखाम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और आरती कर रहे लोगों को गालियां दीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। समाज ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया।

सरगुजा में मंगेतर की हैवानियत: गर्भवती युवती को गर्भपात की दवा खिलाई, मौत

धौरपुर क्षेत्र में एक युवती की मंगेतर द्वारा दी गई संदिग्ध दवा के सेवन से मौत हो गई। पीड़िता शादी तय होने के बाद गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि मंगेतर अमर अगरिया ने लोकलाज के डर से उसे गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

चाइनीज मांझे से घायल होने वालों को दो लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की

रायपुर में मकर संक्रांति के बाद भी चाइनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पीड़ितों के लिए 2-2 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। उन्होंने सप्लायरों के नाम सार्वजनिक करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

Also Read: Goat Farming: राज्य बकरी उद्यमिता विकास योजना का उठाये लाभ, करें बकरी पालन का व्यवसाय, हर महीने होगी लाखों रूपये कमाई

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button