रायपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू: IPS संजीव शुक्ला बने पहले कमिश्नर, राजधानी सहित कई जिलों के IPS अधिकारियों का तबादला आदेश जारी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार से ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू कर दिया गया है। 2004 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। अब तक वे बिलासपुर रेंज के आईजी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इस नई व्यवस्था के तहत रायपुर शहर के 21 थानों की पूरी कमान अब सीधे पुलिस कमिश्नर के हाथों में होगी। इससे कानून व्यवस्था से जुड़े बड़े फैसलों के लिए अब जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति का इंतजार नहीं करना होगा।

नई व्यवस्था के लिए तैनात किए गए पांच डीसीपी

कमिश्नरी सिस्टम को सुचारू रूप से चलाने के लिए रायपुर शहर को अलग-अलग जोन में बांटा गया है। इसके लिए युवा आईपीएस अफसरों को पुलिस उपायुक्त (DCP) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उमेश प्रसाद गुप्ता को डीसीपी मध्य, संदीप पटेल को डीसीपी पश्चिम और मयंक गुर्जर को डीसीपी उत्तर बनाया गया है। इसके अलावा ट्रैफिक और प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी विकास कुमार को दी गई है, जबकि क्राइम और साइबर सेल का जिम्मा राजनाला स्मृतिक संभालेंगे। अमित तुकाराम कांबले को रायपुर का एडिशनल पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है, जो सीधे संजीव शुक्ला को रिपोर्ट करेंगे।

प्रदेश के कई रेंजों में आईजी स्तर पर फेरबदल

रायपुर में कमिश्नरी लागू होने के साथ ही राज्य सरकार ने कई अन्य रेंजों के आईजी भी बदल दिए हैं। रामगोपाल गर्ग को दुर्ग से हटाकर अब बिलासपुर रेंज का नया आईजी बनाया गया है। वहीं अभिषेक शांडिल्य राजनांदगांव से हटाकर दुर्ग रेंज की कमान संभालेंगे। पीएचक्यू में पदस्थ बालाजी राव सोमावर को राजनांदगांव रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है। अधिकारियों की इस अदला-बदली से सरकार ने संदेश दिया है कि अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर नई रणनीति पर काम शुरू हो चुका है।

जिलों के पुलिस अधीक्षकों के भी हुए तबादले

इस प्रशासनिक फेरबदल की गाज कई जिला कप्तानों पर भी गिरी है। रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल को अब पुलिस अधीक्षक (रेल) रायपुर बनाया गया है। जशपुर एसपी शशि मोहन सिंह को रायगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि लाल उमेद सिंह को जशपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को रेल पुलिस से हटाकर रायपुर ग्रामीण का एसपी बनाया गया है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के लिए पुलिस सहायक आयुक्तों की भी तैनाती की गई है।

तबादला आदेश-

Also Read: छत्तीसगढ़ शराब दुकान बंद, इस दिन रहेगा शुष्क दिवस, नहीं मिलेगी देशी-विदेशी शराब, पिलाते या पीते पकड़े गये तो होगी कार्रवाई..

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button