
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 23 जनवरी को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी20 मुकाबले के लिए रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। बाहर से आने वाले दर्शकों की भीड़ को देखते हुए रूट चार्ट जारी किया गया है। दुर्ग-भिलाई और रायपुर शहर के लोग तेलीबांधा से नेशनल हाईवे-53 होकर सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से नवा रायपुर में एंट्री करेंगे। उन्हें अपने वाहन सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब की पार्किंग में खड़े करने होंगे। वहीं, बिलासपुर और बलौदाबाजार की ओर से आने वाले दर्शकों को रिंग रोड-3 से मंदिर हसौद होकर परसदा और कोसा पार्किंग की तरफ भेजा जाएगा। धमतरी और जगदलपुर से आने वाले लोग अभनपुर और केन्द्री के रास्ते मंत्रालय चौक होकर पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।

पासधारी VIP और भारी वाहनों के लिए सख्त निर्देश
जिन दर्शकों के पास स्पेशल पार्किंग पास (A से G कैटेगरी) मौजूद हैं, उनके लिए एंट्री का रास्ता अलग रखा गया है। ये वाहन डॉ. खूबचंद बघेल चौक और कयाबांधा चौक से होकर सीधे स्टेडियम की सुरक्षित पार्किंग तक जा सकेंगे। आम जनता की सहूलियत के लिए पुलिस ने नया रायपुर के सभी प्रवेश द्वारों पर दोपहर 12 बजे से लेकर रात 1 बजे तक भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है। ट्रक और ट्रेलर चालकों को सलाह दी गई है कि वे इस दौरान वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें ताकि मैच देखने जा रहे दर्शकों को जाम का सामना न करना पड़े।
| आने का स्थान | निर्धारित रूट | पार्किंग स्थल |
| रायपुर/दुर्ग/भिलाई | तेलीबांधा-सेरीखेड़ी-नवा रायपुर | साईं अस्पताल और सेंध तालाब |
| बिलासपुर/बलौदाबाजार | रिंग रोड 3-मंदिर हसौद-नवागांव | परसदा और कोसा पार्किंग |
| महासमुंद/सरायपाली | आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग | स्टेडियम के पूर्व स्थित पार्किंग |
| जगदलपुर/धमतरी | अभनपुर-मंत्रालय-सेंध तालाब | सेंध तालाब पार्किंग |
स्टेडियम में इन सामानों को ले जाने पर रहेगी पाबंदी
सुरक्षा के लिहाज से स्टेडियम के भीतर कई चीजों को ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। दर्शक अपने साथ माचिस, लाइटर, बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू या कोई भी ज्वलनशील पदार्थ नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा पानी की बोतल, टिफिन, डिब्बे, छाता, लाठी, झंडा या किसी भी तरह का वाद्य यंत्र ले जाना मना है। सुरक्षा जांच के दौरान चाकू, कैंची या कोई भी नुकीली वस्तु पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। सिक्कों, हेड बैग, बड़े लेडीज बैग और लैपटॉप को भी बाहर ही रखना होगा। बच्चों के खाने के सामान को छोड़कर अन्य किसी भी बाहरी खाद्य सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जाम से बचने के लिए पुलिस की अपील
ट्रैफिक विभाग ने दर्शकों से अपील की है कि वे मैच शुरू होने से कम से कम 2-3 घंटे पहले घर से निकलें ताकि पार्किंग और पैदल चलने में लगने वाले समय की वजह से उनकी पहली गेंद मिस न हो। स्टेडियम के चारों तरफ बड़ी संख्या में पुलिस बल और वॉलिंटियर्स तैनात रहेंगे, जो दर्शकों को पार्किंग की सही दिशा दिखाने में मदद करेंगे। पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही गाड़ी खड़ी करें, अन्यथा सड़क किनारे खड़े वाहनों को क्रेन से उठाकर जब्त किया जा सकता है।
डिजिटल मैप और हेल्पलाइन का लें सहारा
ट्रैफिक पुलिस ने एक चार्ट भी जारी किया है जिसे सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टल्स पर देखा जा सकता है। इसमें पार्किंग स्थलों की सटीक लोकेशन और टर्निंग पॉइंट्स को मार्क किया गया है। दर्शकों की मदद के लिए रूट पर जगह-जगह सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं। यदि किसी दर्शक को रास्ता भटकने या पार्किंग से जुड़ी कोई समस्या आती है, तो वे मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों या कंट्रोल रूम के नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। मैच खत्म होने के बाद वापसी के लिए भी वन-वे ट्रैफिक सिस्टम का पालन करना अनिवार्य होगा।



