
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले टी20 मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रायपुर की प्राकृतिक सुंदरता का लुत्फ उठाते नजर आए। कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव ने बार नवापारा अभयारण्य का भ्रमण किया। मैच के तनाव से दूर खिलाड़ियों ने यहां की घनी हरियाली और जैव-विविधता का अनुभव किया। वन मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर खिलाड़ियों के इस जंगल सफारी की तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें क्रिकेटर खुली जिप्सी में वन्य जीवों को करीब से देखते नजर आ रहे हैं।
जैव-विविधता का अनूठा केंद्र है यह अभयारण्य
रायपुर से करीब 100 किलोमीटर दूर महासमुंद जिले में स्थित बार नवापारा अभयारण्य 245 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने यहां के खास वन्य जीवों जैसे तेंदुआ, भालू, और चार सींग वाले मृग को देखने में रुचि दिखाई। यह अभयारण्य न केवल जानवरों बल्कि दुर्लभ पक्षियों जैसे किंगफिशर, बुलबुल और ड्रोंगो के लिए भी प्रसिद्ध है। खिलाड़ियों ने अभयारण्य के शांत वातावरण की तारीफ की और छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक विरासत को करीब से जानने का मौका मिलने पर खुशी जाहिर की।



