Ind vs Nz T20 Match: रायपुर में टीम इंडिया का बड़ी जीत: न्यूजीलैंड को 7 विकेट से दी शिकस्त, सूर्या, शिवम दुबे और ईशान का जलवा

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया। न्यूजीलैंड की ओर से मिले 209 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को भारतीय बल्लेबाजों ने महज 15.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। मैच की शुरुआत से ही भारतीय इरादे साफ नजर आ रहे थे। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने महज 32 गेंदों में 76 रनों की पारी खेलकर अभिषेक शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ईशान की इस पारी ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का आत्मविश्वास पूरी तरह तोड़ दिया।

कप्तान सूर्यकुमार यादव का जलवा और शिवम दुबे का फिनिश

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर संकटमोचक बनकर उभरे। उन्होंने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रनों की आक्रामक पारी खेली जिसमें 9 बेहतरीन चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। सूर्या की बल्लेबाजी देख स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक झूम उठे। उनका साथ निभा रहे शिवम दुबे ने भी शानदार हाथ दिखाए और नाबाद 36 रन बनाकर भारत की जीत पक्की कर दी। इन दोनों बल्लेबाजों की जोड़ी ने न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर की हर रणनीति को नाकाम कर दिया और भारत को 7 विकेट से एक यादगार जीत दिलाई।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम, कुलदीप ने झटके अहम विकेट

भले ही कीवी टीम ने 208 रन बोर्ड पर टांग दिए थे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में अंकुश लगाकर उन्हें और बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी के जाल में फंसाकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके अलावा हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने भी 1-1 विकेट लेकर कीवी टीम की रफ्तार पर लगाम लगाई। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने भी गेंद से उपयोगी योगदान दिया। गेंदबाजों के इस अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत ही बल्लेबाजों को एक ऐसा लक्ष्य मिला जिसे पार करना मुमकिन था। रायपुर अब भारतीय टीम के लिए एक अभेद्य किला बनता जा रहा है।

Also Read: IPL Match in Raipur: रायपुर में होंगे RCB के दो मैच: टीम के पदाधिकारी मिले सीएम साय से, भेंट की टीम की जर्सी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button