
छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के बीच उस वक्त हड़कंप मच गया जब व्यापम के नाम से एक फर्जी निर्देश पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। इस फर्जी पत्र में सहायक शिक्षक और व्याख्याता भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर भ्रामक जानकारियां दी गई थीं। जैसे ही यह मामला विभाग की नजर में आया, लोक शिक्षण संचालनालय और व्यापम ने इसे गंभीरता से लिया। अज्ञात जालसाजों ने आधिकारिक दिखने वाले पत्र का सहारा लेकर छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की थी, जिससे परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
व्यापम ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट, जांच शुरू
इस धोखाधड़ी के खिलाफ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने कड़ा रुख अपनाया है। व्यापम के परीक्षा नियंत्रक हिमांशु अग्रवाल ने रायपुर के राखी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 319 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। अधिकारियों ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे किसी भी वायरल मैसेज या सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा करने के बजाय केवल व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी को ही सही मानें। पुलिस अब उन तकनीकी सुरागों की तलाश कर रही है जिनसे यह पता चल सके कि यह फर्जी पत्र सबसे पहले किस प्लेटफॉर्म से फैलाया गया था।
Also Read: CG Health Department Bharti 2026: स्वास्थ्य विभाग में 525 पदों पर बंपर भर्ती, ऐसे करें आवेदन



