
धमतरी जिले के लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाने के लिए बहुप्रतिक्षित साइबर थाने का बुधवार 28 जनवरी को औपचारिक उद्घाटन होगा। अर्जुनी थाना परिसर के पीछे इस नए थाने का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने इस नए थाने के संचालन के लिए प्रशिक्षित टीम की घोषणा भी कर दी है। जिले में इस विशेष थाने के शुरू होने से अब साइबर ठगी के शिकार लोगों को अपनी शिकायत दर्ज कराने और अपराधियों तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी।
अनुभवी टीम को सौंपी गई जिम्मेदारी
जिले के पहले साइबर थाने की कमान सहायक उपनिरीक्षक (ASI) प्रदीप सिंह को सौंपी गई है। एसपी ने उनके साथ 11 अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम तैनात की है, जिसमें तकनीकी रूप से दक्ष प्रधान आरक्षक और आरक्षकों को शामिल किया गया है। यह टीम जिले में बढ़ते डिजिटल अपराधों, सोशल मीडिया हैकिंग और बैंक फ्रॉड जैसे मामलों की गहराई से जांच करेगी। इस थाने के चालू होने के बाद स्थानीय पुलिस पर साइबर मामलों का बोझ कम होगा और विशेषज्ञों की निगरानी में मामलों का निपटारा तेजी से हो सकेगा।



