CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें भिलाई में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के दौरान एयर बलून फटने से मां-दो बच्चों के झुलसने का बड़ा हादसा, सीएम साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘रजत जयंती पदक’ का किया विमोचन; रायगढ़ में पहाड़ से गिरकर हाथी शावक की मौत से वन्यजीव संरक्षण पर चिंता, कोरबा में रिश्वत लेते बिजली विभाग का असिस्टेंट इंजीनियर ACB के हत्थे चढ़ा; नवा रायपुर में 1.5 करोड़ इनामी छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 3 फरवरी से, बस्तर में 15 साल बाद 12 लोगों की घर वापसी; 25 IAS और 5 IPS अफसर बने चुनाव ऑब्जर्वर, पर्यटन क्षेत्र में 500 करोड़ निवेश से CG बनेगा फिल्म-इवेंट हब; रायपुर में सूखे नशे पर पुलिस का प्रहार, 9 पान दुकानें सील और अंबिकापुर लव जिहाद मामले में आरोपी महफूज हिरासत में समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
भिलाई में बड़ा हादसा: सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में फटा एयर बलून, मां और दो बच्चे झुलसे
भिलाई के सिविक सेंटर स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रैफिक अवेयरनेस कार्यक्रम के लिए लगाया गया एक विशाल एयर बलून अचानक फट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हवा कम होने के कारण बलून नीचे आ रहा था, तभी उसे पकड़ने की कोशिश में दो बच्चे और उन्हें बचाने गई उनकी मां आग की चपेट में आ गए। तीनों को गंभीर स्थिति में सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए ‘रजत जयंती पदक’ का अनावरण; सीएम साय ने किया विमोचन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय में छत्तीसगढ़ पुलिस बल के लिए विशेष ‘रजत जयंती पदक’ का विमोचन किया। चांदी के रंग का यह गोल पदक पुलिस के साहस और शौर्य का प्रतीक बनेगा। इसके अग्र भाग में ‘साल वृक्ष’ (मजबूती का प्रतीक) और पीछे ‘पहाड़ी मैना’ (सतर्कता का प्रतीक) का चित्र अंकित है। इसे वीरता पदकों के बाद वरीयता क्रम में वर्दी पर धारण किया जाएगा।
पहाड़ से गिरकर हाथी शावक की मौत; 3 महीने में 5वीं घटना
रायगढ़ वन मंडल के ग्राम कया के जंगलों में एक हाथी शावक की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। हाथियों का दल ऊंचाई से नीचे उतर रहा था, तभी शावक असंतुलित होकर गिर पड़ा। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण वन विभाग की टीम को पहुंचने में देरी हुई। डीएफओ अरविंद ने बताया कि जिले में पिछले तीन महीनों में शावकों की मौत का यह पांचवां मामला है, जो वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से गहरी चिंता का विषय है।
रिश्वत लेते बिजली विभाग का असिस्टेंट इंजीनियर गिरफ्तार; एसीबी की बड़ी कार्रवाई
कोरबा जिले के दीपका में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बिजली विभाग के सहायक अभियंता सत्येंद्र दिवाकर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक किसान के खेत में ट्रांसफार्मर लगाने के बदले 80 हजार रुपये की मांग की थी। 30 हजार रुपये वह पहले ही ले चुका था, और शेष 50 हजार रुपये लेते समय एसीबी बिलासपुर की टीम ने उसे दबोच लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप 3 फरवरी से; 1.5 करोड़ की प्राइज मनी
रायपुर के नवा रायपुर स्थित ‘फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट’ में 3 से 6 फरवरी तक छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ चैंपियनशिप का दूसरा संस्करण आयोजित होगा। इस साल पुरस्कार राशि बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दी गई है। यह भारत के मध्य भाग का पहला 18-होल गोल्फ कोर्स है, जिसे ऑस्ट्रेलिया की कंपनी ने डिजाइन किया है। टूर्नामेंट में भारत के शीर्ष प्रोफेशनल गोल्फर्स के साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल होंगे।
15 साल बाद ईसाई धर्म छोड़ 12 सदस्य लौटे मूल धर्म में
बस्तर संभाग में धर्मांतरित परिवारों की घर वापसी का सिलसिला जारी है। जगदलपुर के साडगुड़ा में एक ही परिवार के 12 सदस्यों ने 15 साल बाद ईसाई धर्म त्याग कर पुनः हिंदू धर्म अपना लिया है। शीतला मंदिर में ग्राम पटेल की मौजूदगी में सभी ने मूल संस्कृति में वापसी की। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे सनातन परंपरा की मजबूती बताया है।
छत्तीसगढ़ के 25 IAS और 5 IPS अफसर बने चुनाव ऑब्जर्वर
असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ के 30 वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। इसमें रितु सेन, सिद्धार्थ कोमल परदेसी और अंकित आनंद जैसे 25 आईएएस (IAS) अधिकारियों और आनंद छाबड़ा व रतन लाल डांगी जैसे 5 आईपीएस (IPS) अधिकारियों को ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया गया है।
पर्यटन क्षेत्र में 500 करोड़ का निवेश: छत्तीसगढ़ बनेगा फिल्म और इवेंट हब
पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने बताया कि पर्यटन को ‘उद्योग’ का दर्जा देने के बाद पिछले दो वर्षों में 500 करोड़ से अधिक का निजी निवेश हुआ है। नवा रायपुर में 350 करोड़ की लागत से फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही भोरमदेव कॉरिडोर और चित्रकोट टेंट सिटी जैसे प्रोजेक्ट्स के माध्यम से छत्तीसगढ़ को ‘इको-एथनिक ग्लोबल डेस्टिनेशन’ बनाने का लक्ष्य है।
सूखे नशे पर रायपुर पुलिस का प्रहार: 9 पान दुकानें सील, चिलम और गोगो जब्त
रायपुर पुलिस ने नॉर्थ जोन में गांजा और अन्य नशों के लिए उपयोग होने वाले उपकरणों के खिलाफ बड़ी मुहिम छेड़ी है। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास गोगो, चिलम और रोलिंग पेपर बेचने वाले 9 पान ठेलों को सील कर दिया गया है। पुलिस ने सप्लाई चेन का भी खुलासा किया है और थोक विक्रेताओं के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की बात कही है।
अंबिकापुर ‘लव जिहाद’: पहचान छिपाकर आदिवासी युवती से ठगी करने वाला महफूज हिरासत में
सरगुजा जिले के गांधीनगर पुलिस ने बिहार निवासी मोहम्मद महफूज को हिरासत में लिया है। आरोप है कि उसने ‘स्वराज पैकरा’ नाम की फर्जी फेसबुक आईडी और जाली दस्तावेजों के जरिए एक आदिवासी युवती को प्रेमजाल में फंसाया। युवती को शक होने पर जब उसने आरोपी का बैग चेक किया, तो उसकी असली पहचान उजागर हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कई अन्य युवतियों के साथ भी इस तरह की धोखाधड़ी कर चुका है।
Also Read: मनरेगा पर आर-पार: 30 जनवरी को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में चक्काजाम की तैयारी



