
दुर्ग। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की ओर से 1 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में प्राथमिक कक्षाओं के लिए करीब 12,096 अभ्यर्थी, जबकि दूसरी पाली में माध्यमिक कक्षाओं के लिए लगभग 26,171 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री पिस्दा ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले सभी निर्देशों का ध्यानपूर्वक पालन करना अनिवार्य होगा।
समय से पहले केंद्र पहुंचना जरूरी
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि फ्रीस्किंग और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होगी, इसके लिए मुख्य द्वार 9:00 बजे बंद कर दिया जाएगा। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगी, जिसका प्रवेश द्वार 2:30 बजे बंद होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सख्त जांच और सीमित सामान की अनुमति
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के समय फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा। सुरक्षा जांच के दौरान जैकेट, ब्लेजर, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, मोबाइल और अन्य संचार उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थी केवल काला या नीला बॉल पेन साथ ला सकते हैं। धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के लिए सामान्य समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
हल्के रंग के कपड़े अनिवार्य
परीक्षा के दौरान हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य किया गया है। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनने की अनुमति नहीं होगी। केवल साधारण स्वेटर, वह भी बिना पॉकेट, पहनने की छूट रहेगी, जिसे सुरक्षा जांच के समय उतारकर दिखाना होगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Also Read:- CG Health Department Bharti 2026: स्वास्थ्य विभाग में 525 पदों पर बंपर भर्ती, ऐसे करें आवेदन



