
कुरुद विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। विधायक अजय चंद्राकर के पहल से लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को हरी झंडी दे दी है। ग्राम पचपेड़ी से लेकर सेमरा तक जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए वित्त विभाग ने प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। इस फैसले से क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी और सालों पुरानी सड़क संबंधी समस्याओं का अंत होगा।
टू-लेन सड़क निर्माण से गांवों के लिए खुले तरक्की के द्वार
इस निर्माण कार्य के लिए कुल 15 करोड़ 34 लाख 94 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस बजट से पचपेड़ी, तर्रागोदी, भेलवाकुदा, टिपानी और सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से को टू-लेन बनाया जाएगा। सड़क को न केवल चौड़ा किया जाएगा बल्कि इसकी गुणवत्ता को भी बेहतर बनाया जाएगा ताकि भारी वाहनों के दबाव को यह आसानी से झेल सके। विधायक अजय चंद्राकर के लगातार प्रयासों के बाद इस बड़ी धनराशि को शासन से मंजूरी मिली है।
पांच गांवों को सीधा फायदा
इस सड़क के बनने से क्षेत्र के पांच बड़े गांवों की तस्वीर बदल जाएगी। वर्तमान में संकरी और खराब सड़क के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। टू-लेन मार्ग बनने से न केवल समय की बचत होगी बल्कि हादसों में भी कमी आएगी। किसानों को कृषि कार्य के लिए आवगमन एवं अपनी उपज मंडी तक ले जाने और छात्रों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में अब सहूलियत होगी। व्यापारिक दृष्टिकोण से भी यह मार्ग क्षेत्र के लिए किसी जीवन रेखा से कम नहीं होगा।
ग्रामीणों ने जताया आभार
सड़क निर्माण की मंजूरी मिलने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। पचपेड़ी और सेमरा समेत आसपास के लोगों ने विधायक अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि एक सजग जनप्रतिनिधि वही होता है जो अपने क्षेत्र की जनता की जरूरतों को सरकार तक पहुंचाए और उन्हें पूरा कराए। इस सौगात ने यह साबित कर दिया है कि जनता की आवाज जब सही मंच पर उठाई जाती है तो विकास के बंद दरवाजे अपने आप खुल जाते हैं।


Also Read: धमतरी के 13 जांबाजों ने फहराया परचम: अर्धसैनिक बलों में चयन के बाद एसपी ने थपथपाई पीठ



