CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें निगम सामान्य सभा के दौरान हंगामे पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR,कांकेर में नक्सलियों का हथियारों का जखीरा बरामद , छत्तीसगढ़ में ड्रोन तकनीक की रफ्तार सुस्त, जगदलपुर में कार के भीतर SDO का शव मिला,सूरजपुर में स्कूल कार्यक्रमों के दौरान स्टंट पर रोक, हाईकोर्ट ने जूनियर वकीलों को मानदेय पर मांगा हलफनामा, रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की रफ लैंडिंग, बिलाईगढ़ में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, रायपुर में NEET PG माइनस अंक वाले डॉक्टर का रजिस्ट्रेशन, दुर्ग में CISF जवान ने कैंप में की आत्महत्या समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

निगम सामान्य सभा के दौरान हंगामे पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान हुए चक्काजाम और प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और पार्षद दिलीप पाटिल सहित कुल सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार को निगम की सामान्य सभा चल रही थी। इसी दौरान लिंगियाडीह इलाके में अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सदन के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे यातायात बाधित हो गया और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने आरोपियों पर बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और सड़क जाम करने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कांकेर में नक्सलियों का हथियारों का जखीरा बरामद

कांकेर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने छोटे बेतिया थाना क्षेत्र के बिनागुंडा इलाके में सर्च ऑपरेशन के दौरान हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। सूचना के आधार पर जवानों ने जंगल में तलाशी ली, जहां नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया सामान मिला। बरामद सामग्री में बीजीएल लॉन्चर, 12 बोर बंदूकें, एयरगन, डायरेक्शनल आईईडी, टिफिन बम, बीजीएल बम, जिंदा कारतूस और बारूद शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले दो वर्षों में इस क्षेत्र में कई मुठभेड़ों के बाद नक्सली छोटे समूहों में बंटकर सक्रिय हैं। एएसपी नक्सल ऑपरेशन आकाश श्रीमाल ने बताया कि इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा।

छत्तीसगढ़ में ड्रोन तकनीक की रफ्तार सुस्त: संसद के आंकड़ों ने खोली पोल

संसद में पेश किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में नई तकनीक को अपनाने की रफ्तार काफी चिंताजनक है। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल द्वारा लोकसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी 2026 तक राज्य में केवल 161 ड्रोन ही पंजीकृत किए गए हैं। केंद्र सरकार द्वारा ‘ड्रोन नियम 2021’ को बेहद आसान बनाने, पासपोर्ट की अनिवार्यता खत्म करने और राज्य के लगभग 90 प्रतिशत हवाई क्षेत्र को ‘ग्रीन जोन’ (जहां उड़ान के लिए अनुमति की जरूरत नहीं) घोषित करने के बावजूद यह संख्या बेहद कम है। सुरक्षा निगरानी, आधुनिक खेती में दवाओं के छिड़काव और स्वास्थ्य सेवाओं में ड्रोन की बड़ी उपयोगिता को देखते हुए छत्तीसगढ़ का यह तकनीकी पिछड़ापन भविष्य की चुनौतियों की ओर इशारा करता है।

जगदलपुर में कार के भीतर SDO का शव मिला

जगदलपुर में इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी एक कार से एसडीओ का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शोभा राम देहारी के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन के नियानार कार्यालय में पदस्थ थे। सूचना मिलने पर बोधघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। प्रारंभिक जांच में हृदयाघात की आशंका जताई जा रही है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सूरजपुर में स्कूल कार्यक्रमों के दौरान स्टंट पर रोक

सूरजपुर जिले में स्कूलों में आयोजित विदाई समारोह और अन्य कार्यक्रमों के दौरान छात्रों द्वारा किए जा रहे जोखिम भरे स्टंट पर रोक लगा दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि किसी भी कार्यक्रम की पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा और स्पष्ट प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। हाल के दिनों में चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करने और तेज रफ्तार में बाइक चलाने की घटनाएं सामने आई थीं। विभाग ने इसे छात्रों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।

हाईकोर्ट ने जूनियर वकीलों को मानदेय पर मांगा हलफनामा

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जूनियर अधिवक्ताओं को मासिक आर्थिक सहायता देने की मांग पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने राज्य शासन के विधि विभाग के प्रमुख सचिव से विस्तृत हलफनामा मांगा है। अगली सुनवाई 19 मार्च को होगी। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि वकालत के शुरुआती दौर में आय कम होती है, जबकि खर्च अधिक रहता है। अन्य राज्यों में स्टाइपेंड व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्होंने प्रदेश में भी मानदेय लागू करने की मांग की है। अदालत ने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में कदम उठाना चाहती है तो स्पष्ट नियम बनाना जरूरी होगा।

रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की रफ लैंडिंग

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर भोपाल से आई इंडिगो फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान विमान रनवे पर टच करते ही उछल गया। इस घटना से यात्रियों में घबराहट फैल गई, हालांकि पायलट ने स्थिति संभालते हुए सुरक्षित लैंडिंग कराई। जानकारी के अनुसार फ्लाइट तय समय से कुछ देर बाद दोपहर 3 बजकर 18 मिनट पर उतरी। विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह की स्थिति को बाउंस लैंडिंग कहा जाता है। बाद में रायपुर से भोपाल जाने वाली फ्लाइट भी देरी से रवाना हुई।

बिलाईगढ़ में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, मां-बेटे की मौत

बिलाईगढ़ क्षेत्र के मधुबनकला गांव में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से उसके नीचे बैठे मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों छज्जे के नीचे बैठे थे तभी अचानक वह भरभराकर गिर पड़ा। मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

रायपुर में NEET PG माइनस अंक वाले डॉक्टर का रजिस्ट्रेशन

रायपुर में NEET PG परीक्षा में माइनस दो अंक पाने वाले एक डॉक्टर को रजिस्ट्रेशन दिए जाने का मामला चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक संबंधित अभ्यर्थी को शून्य परसेंटाइल की पात्रता के आधार पर पंजीयन दिया गया। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन के निर्णय के बाद शून्य परसेंटाइल वाले अभ्यर्थियों को भी पात्र माना गया है। इस फैसले के बाद चयन प्रक्रिया को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पंजीयन नियमों के अनुसार ही किया गया है।

दुर्ग में CISF जवान ने कैंप में की आत्महत्या

दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र स्थित सीआईएसएफ आरटीसी कैंप में 27 वर्षीय जवान मुकेश सिंह का शव फंदे पर लटका मिला। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जवान लंबे समय से किडनी की बीमारी से परेशान थे। घटनास्थल से एक कागज मिला है, जिसमें उनके भाई का नाम और मोबाइल नंबर लिखा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और साथियों से पूछताछ की जा रही है।

Also Read: शिक्षक भर्ती के लिए आर-पार की जंग: मंत्रालय घेरने निकले डीएड अभ्यर्थी, पुलिस ने ट्रक को बैरिकेड बनाकर रोका

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button