
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के लिए मगरलोड विकासखंड में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष ब्लॉक से कुल 2570 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कक्षा 10वीं में कुल 1565 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे, जिनमें 890 बालिकाएं और 675 बालक हैं। वहीं, कक्षा 12वीं में 1005 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिसमें 632 बालिकाएं और 373 बालक शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक, दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में अधिक है।
14 केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग ने पूरे ब्लॉक में 14 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष ध्रुव ने बताया कि अमलीडीह, बोरसी, मोहदी, मेघा, कुंडेल और भेंड़री जैसे प्रमुख शासकीय स्कूलों को केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा मगरलोड बालक शाला, सिंगपुर और करेली बड़ी सहित अन्य स्कूलों में भी केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर फर्नीचर, पेयजल और सुरक्षा की पूर्ण व्यवस्था कर ली गई है ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
20 फरवरी से शुरू होगा परीक्षाओं का दौर
समय सारिणी के अनुसार, 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से और 10वीं की परीक्षाएं 21 फरवरी से प्रारंभ होंगी। शिक्षा विभाग ने सभी केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। नकल रोकने के लिए उड़नदस्ते (फ्लाइंग स्क्वाड) भी तैनात किए जाएंगे। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचने और शांतिपूर्वक परीक्षा देने की अपील की है। फिलहाल सभी केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्रों के सुरक्षित रखरखाव की तैयारी पूरी हो चुकी है।



