CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें निगम सामान्य सभा में हंगामे के बाद कांग्रेस नेताओं पर FIR, कांकेर में सुरक्षा बलों को नक्सलियों का हथियारों का जखीरा मिला, राज्य में ड्रोन तकनीक की रफ्तार पर सवाल, जगदलपुर में कार के भीतर SDO का शव मिलने से सनसनी, सूरजपुर में स्कूल कार्यक्रमों के दौरान खतरनाक स्टंट पर रोक, हाईकोर्ट ने जूनियर वकीलों के मानदेय मामले में हलफनामा मांगा, रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की रफ लैंडिंग, बिलाईगढ़ में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरा, रायपुर में NEET PG में माइनस अंक वाले डॉक्टर का रजिस्ट्रेशन चर्चा में, और दुर्ग में CISF जवान ने कैंप में की आत्महत्या समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

कोयला कारोबारियों पर आयकर की बड़ी चोट

आयकर विभाग ने बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में कोयला कारोबारियों के खिलाफ अपनी जांच तेज कर दी है। फील ग्रुप और तिरुपति मिनरल्स से जुड़े ठिकानों पर तीसरे दिन भी तलाशी जारी रही। इस कार्रवाई में अधिकारियों ने अब तक करीब 1 करोड़ रुपये के सोने और चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। विभाग अब जब्त दस्तावेजों और डिजिटल डेटा के जरिए टैक्स चोरी के बड़े नेटवर्क को खंगालने में जुटा है।

फर्जीवाड़े के आरोपी बीईओ पर गिरी गाज

जांजगीर-चांपा जिले में कलेक्टर और सीईओ के नकली दस्तखत कर सरकारी खजाने में सेंध लगाने वाले नवागढ़ बीईओ महेंद्र धर दीवान को सरकार ने पद से हटा दिया है। पूर्व में एफआईआर और निलंबन के बावजूद डीईओ ने उन्हें नियमों के खिलाफ जाकर पदभार सौंपा था। अब शासन ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए अशोक कुमार पाटले को नया ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया है।

मासूम की कब्र से सिर गायब होने से सनसनी

बालोद जिले के माहुदबी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तीन महीने पहले दफन की गई एक तीन साल की बच्ची की कब्र को कुछ अज्ञात लोगों ने खोद डाला। जब परिजनों और ग्रामीणों ने देखा तो वहां तंत्र क्रिया के निशान मिले और बच्ची का सिर गायब था। पुलिस इस मामले को अंधविश्वास और तंत्र विद्या से जोड़कर देख रही है और आरोपियों की तलाश के लिए जाल बिछाया गया है।

ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ रायपुर पुलिस की कार्रवाई

राजधानी रायपुर के पास तिल्दा नेवरा इलाके में क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कोहका स्थित एक मकान में टी-20 मैचों पर दांव लगा रहे जितेंद्र बिरला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 1.80 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में बैंक पासबुक, एटीएम और चेकबुक बरामद किए हैं। आरोपी कई मोबाइल एप के जरिए सट्टे का नेटवर्क चला रहा था।

देर रात तक खुला क्लब तो मैनेजर गिरफ्तार

रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद वीआईपी रोड स्थित क्लबों पर सख्ती बढ़ गई है। तय समय के बाद भी ‘क्लब मिथ्या’ संचालित पाए जाने पर पुलिस ने उसके मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह क्लब पहले भी नियमों का उल्लंघन कर चुका है। इसी को आधार बनाकर पुलिस अब इस क्लब का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी में जुट गई है।

मुंगेली की सुप्रिया ठाकुर बनीं सेना में लेफ्टिनेंट

मुंगेली जिले की रहने वाली सुप्रिया ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। सुप्रिया ने ऑल इंडिया लेवल पर चौथी रैंक हासिल कर यह मुकाम पाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली सुप्रिया ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और एनसीसी से मिली सीख को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी उन्हें बधाई दी है।

टैक्स वसूली में सुस्ती पर सीएमओ सस्पेंड

नगरीय प्रशासन विभाग ने काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। बालोद जिले की दल्लीराजहरा नगर पालिका के तत्कालीन प्रभारी सीएमओ भूपेंद्र वार्डेकर को निलंबित कर दिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में रुचि नहीं ली और लक्ष्य का 60 प्रतिशत हिस्सा भी पूरा नहीं कर सके। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय दुर्ग रहेगा।

धमतरी में धर्मांतरण और अंतिम संस्कार पर बवाल

धमतरी के गुहाननाला गांव में एक बुजुर्ग महिला के शव को चोरी-छिपे दफनाने पर ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। ग्रामीणों का आरोप था कि परिवार ने बिना बताए ईसाई रीति-रिवाजों से अंतिम संस्कार किया है। तीन घंटे तक चले इस हंगामे के बाद मामला तब शांत हुआ जब परिजनों ने लिखित में मूल धर्म में वापसी का भरोसा दिया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है।

पंजाब बॉर्डर से पकड़ा गया हेरोइन सप्लायर

बिलासपुर पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। शहर में मिली 34 ग्राम हेरोइन के मामले की जांच करते हुए पुलिस की टीम पंजाब के तरनतारन पहुंची। वहां भारत-पाक सीमा के पास से मुख्य तस्कर बलराम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि नशे की यह खेप ड्रोन के जरिए सरहद पार से भारत पहुंचाई गई थी।

घरेलू कलह आत्महत्या के लिए उकसाना नहीं: हाईकोर्ट

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में पति की 4 साल की सजा को रद्द कर दिया है। अदालत ने कहा कि पति-पत्नी के बीच होने वाले सामान्य विवाद या घरेलू झगड़ों को आत्महत्या के लिए उकसाने का आधार नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि धारा 306 के तहत कार्रवाई के लिए यह साबित करना जरूरी है कि आरोपी ने मृतक को जानबूझकर खुदकुशी के लिए मजबूर किया था।

Also Read: 2.50 लाख गैस उपभोक्ताओं के लिए अलर्ट: ई-केवाईसी में देरी पड़ सकती है भारी, ब्लॉक हो सकते हैं कनेक्शन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button